menu-icon
India Daily

दिल्ली के स्वरूप नगर में दिल दहला देने वाली वारदात: 16 वर्षीय किशोरी की गैंगरेप के बाद हत्या, चार आरोपी पकड़े गए

उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर में 16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी गई. पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार किशोरों को पकड़ा है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
दिल्ली के स्वरूप नगर में दिल दहला देने वाली वारदात: 16 वर्षीय किशोरी की गैंगरेप के बाद हत्या, चार आरोपी पकड़े गए
Courtesy: pinterest

उत्तरी दिल्ली के स्वरूप नगर में एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ बर्बरता की दर्दनाक घटना सामने आई है. 13 सितंबर को कुशक रोड के पास एक खेत में किशोरी का सड़ता हुआ शव पत्तियों और मिट्टी के नीचे छिपा हुआ मिला. शरीर पर चाकू घोंपे जाने के छह से आठ निशान थे. बाहरी-उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त शोभित सक्सेना ने बताया कि मुख्य आरोपी शिवम गणेश (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके तीन नाबालिग साथियों को हिरासत में ले लिया गया है.

काम की तलाश कर रही थी पीड़िता

पुलिस जांच के अनुसार, पीड़िता अपने परिवार की मदद के लिए काम की तलाश कर रही थी. वह 10 सितंबर की शाम को अपने एक परिचित 17 वर्षीय आरोपी से मिलने गई थी. आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया. जब किशोरी ने इसकी शिकायत करने की धमकी दी, तो उसने अपने अन्य दोस्तों को बुला लिया. शराब के नशे में धुत आरोपियों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और फिर 11 सितंबर की तड़के उसे खेत में ले जाकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी. आरोपियों ने शव को छिपाकर टेम्पो से फरार होने की कोशिश की.

सीसीटीवी मैपिंग से पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

अतिरिक्त डीसीपी लोकेशवरन आर और एसीपी रविंदर अहलावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में घटना के समय एक संदिग्ध टेम्पो दिखाई दिया. सीसीटीवी मैपिंग और स्थानीय पूछताछ की मदद से पुलिस टेम्पो चालक तक पहुंची, जिसने बताया कि उसका छोटा भाई अक्सर गाड़ी ले जाता था. पुलिस ने रात भर तलाशी अभियान चलाकर स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी से वाहन बरामद किया और चारों आरोपियों को धर दबोचा.

फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए सैंपल

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं. आरोपियों के ब्लड सैंपल लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं. पुलिस पूरे घटनाक्रम के साक्ष्य जुटाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जा सके.