दिल्ली से दुबई जाने वाली SpiceJet की दो फ्लाइटों में 24 घंटे से ज्यादा की देरी होने के बाद यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा. दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों ने बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और एयरलाइन के खिलाफ जमकर नारे लगाए. इस दौरान कुछ यात्रियों ने 'SpiceJet chor hai' और 'SpiceJet haye haye' के नारे भी लगाए.
मामला SpiceJet की SG 5111 और SG 5105 फ्लाइट से जुड़ा है. SG 5111 को सोमवार सुबह 7:45 बजे दिल्ली से रवाना होना था लेकिन इसे पहले मंगलवार सुबह 9 बजे के लिए रीशेड्यूल किया गया. वहीं SG 5105 की उड़ान सोमवार शाम 6:45 बजे निर्धारित थी, जिसे मंगलवार दोपहर 12:30 बजे के लिए रीशेड्यूल किया गया. हालांकि, रिपोर्ट आने तक दोनों फ्लाइटें रवाना नहीं हुई थीं.
Two Dubai-Bound SpiceJet Flights Stuck Over a Day; Angry Flyers Protest at IGI
— Siraj Noorani (@sirajnoorani) September 15, 2026
New Delhi - Angry SpiceJet passengers staged a sit-in at Delhi airport after two Dubai-bound flights were delayed by more than 24 hours. One flight was due to leave yesterday morning and had still not… pic.twitter.com/vqe2moYuJr
लंबे इंतजार से परेशान यात्रियों ने सोमवार और मंगलवार को एयरपोर्ट पर बैठकर विरोध किया. यात्रियों की मांग थी कि उन्हें फ्लाइट के रवाना होने का सही समय बताया जाए और खाने-पीने के साथ ठहरने की व्यवस्था की जाए. यात्रियों का आरोप था कि काफी समय तक SpiceJet का कोई कर्मचारी उनकी शिकायत सुनने के लिए मौजूद नहीं था. बाद में एयरपोर्ट कर्मचारियों ने यात्रियों की मदद की. उन्होंने यात्रियों को खाना और पानी उपलब्ध कराया और आराम करने के लिए जगह भी मुहैया कराई.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में यात्री एयरपोर्ट पर विरोध करते नजर आए. एक यात्री ने शिकायत की कि SpiceJet का कोई कर्मचारी उनकी बात सुनने के लिए सामने नहीं आ रहा है. यात्रियों का कहना था कि उन्होंने टिकट के लिए काफी पैसे खर्च किए हैं, लेकिन लंबे समय से एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं.
एक अन्य वीडियो में एक यात्री और एयरपोर्ट अधिकारी के बीच बहस भी दिखाई दी. यात्री स्थिति की रिकॉर्डिंग कर रहा था, जिस पर अधिकारी ने वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई. इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई और पहले से परेशान यात्रियों का गुस्सा और बढ़ गया.
SpiceJet के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों उड़ानों में देरी एक विमान के ग्राउंड होने के बाद पैदा हुई परिचालन संबंधी समस्या के कारण हुई. एयरलाइन ने कहा कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है. SpiceJet ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगते हुए कहा कि एयरलाइन असुविधा को कम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. हालांकि रिपोर्ट के समय तक दोनों उड़ानों के उड़ान भरने की पुष्टि नहीं हुई थी.