menu-icon
India Daily

आधी रात लगी ऐसी आग, 2 बच्चों समेत 3 जिंदगियां जलकर खत्म; मासूमों की चीखें सुन कांप उठा पूरा गांव

पूर्वी चंपारण के ढाका प्रखंड में देर रात एक दो मंजिला जनरल स्टोर में भीषण आग लग गई. हादसे में दुकानदार के दो बच्चों और एक कर्मचारी की मौत हो गई. कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया.

KanhaiyaaZee
आधी रात लगी ऐसी आग, 2 बच्चों समेत 3 जिंदगियां जलकर खत्म; मासूमों की चीखें सुन कांप उठा पूरा गांव
Courtesy: Social Media

पटना: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के ढाका प्रखंड के बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में शुक्रवार देर रात एक दो मंजिला थोक जनरल स्टोर में अचानक आग भड़क उठी. कुछ ही देर में आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में दुकानदार के दो मासूम बच्चों और एक कर्मचारी की जान चली गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल बन गया.

घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है. जब लोग गहरी नींद में थे, तभी अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. आसपास के लोगों ने शोर मचाकर परिवार को जगाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी. मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग बाल्टी व मोटर की मदद से आग बुझाने में जुट गए.

तीन लोगों की दर्दनाक मौत

इस अग्निकांड में दुकानदार राजकुमार साह के बेटे रुद्र कुमार और बेटी सृष्टि की मौत हो गई. दोनों बच्चे आग की चपेट में आकर बाहर नहीं निकल सके. वहीं दुकान में काम करने वाले प्रिंस कुमार की भी झुलसने से जान चली गई. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग भी इस हादसे से सदमे में हैं और हर किसी की आंखें नम दिखाई दीं.

घंटों तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई. आग इतनी भयानक थी कि उसे नियंत्रित करने में पूरी रात लग गई. दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका. शनिवार सुबह करीब आठ बजे जाकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ सकी.

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है. बताया जा रहा है कि दुकान में बड़ी मात्रा में किराना और अन्य सामान रखा था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई. आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया. पुलिस ने मलबे से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

प्रशासन ने शुरू की जांच

सिकरहना डीएसपी उदयशंकर ने बताया कि आग दो मंजिला भवन में लगी थी और काफी मेहनत के बाद उसे पूरी तरह बुझाया गया. प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर रहा है. साथ ही आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं.