menu-icon
India Daily

अनुशासन के नाम पर पहले केबिन में बुलाया फिर छात्रा से की अश्लील हरकत, जमुई के स्कूल में बवाल; निदेशक पर लगे आरोप

जमुई के एक निजी स्कूल के निदेशक आशीष सिंह पर एक छात्रा ने ऑफिस केबिन में बुलाकर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है. छात्रा का कहना है कि अनुशासन के नाम पर उसे केबिन में बुलाया गया था, जहां निदेशक ने उसके साथ गलत व्यवहार किया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
अनुशासन के नाम पर पहले केबिन में बुलाया फिर छात्रा से की अश्लील हरकत, जमुई के स्कूल में बवाल; निदेशक पर लगे आरोप
Courtesy: Pinterest

जमुई: बिहार के जमुई स्थित एक निजी स्कूल में छात्रा के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत और यौन शोषण का मामला सामने आया है. रामकृष्ण आवासीय विद्यालय और रिचलूक प्ले स्कूल के निदेशक आशीष सिंह पर एक छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्रा के मुताबिक, निदेशक ने अनुशासन को लेकर बात करने के बहाने उसे अपने ऑफिस केबिन में बुलाया और वहां उसके साथ गलत व्यवहार किया. मामला सामने आने के बाद छात्रा के परिजनों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया.

परिजनों की शिकायत के मुताबिक, छात्रा किसी लड़के से बातचीत कर रही थी. इसी बात को लेकर समझाइश देने के नाम पर उसे निदेशक के ऑफिस में बुलाया गया था. छात्रा का आरोप है कि बातचीत के दौरान निदेशक ने उसे गलत तरीके से गले लगाया. इसके बाद वह छात्रा से यौन संबंध और गर्भधारण जैसी बातें करने लगा.

छात्रा ने क्या लगाया आरोप?

छात्रा ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान निदेशक ने उसके शरीर के कई हिस्सों को गलत तरीके से छुआ. मामले की जानकारी जब परिवार को मिली तो परिजन स्कूल पहुंचे. वहां उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताते हुए जमकर हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि शुरुआत में उन्हें न तो निदेशक से मिलने दिया गया और न ही छात्रा से मुलाकात करने दी गई.

परिजनों ने आरोप लगाया कि मामला सामने आने के बाद छात्रावास के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया. काफी देर तक विरोध और हंगामे के बाद परिजनों को छात्रा से मिलने दिया गया. इसके बाद छात्रा ने परिवार को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. इसके बाद आरोपी निदेशक आशीष सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया. पीड़ित परिवार भी थाने पहुंचा और निदेशक के खिलाफ लिखित शिकायत दी. परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

परिजनों ने क्या बताया?

परिजनों ने स्कूल में CCTV व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि स्कूल और छात्रावास परिसर में कई जगह CCTV कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन निदेशक के ऑफिस में कैमरा नहीं है. परिवार का दावा है कि इससे ऑफिस में होने वाली गतिविधियों की निगरानी नहीं हो पाती.

ग्रामीणों और परिजनों ने निदेशक के व्यवहार को लेकर पहले भी शिकायतें होने का दावा किया है. उनका आरोप है कि निदेशक कथित तौर पर छात्राओं को अकेले अपने केबिन में बुलाता था. हालांकि इन पुराने आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

जमुई के SP विश्वजीत दयाल और DSP दीप्ति मोनाली ने मामले की पुष्टि की है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है. छात्रा की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. आरोपी पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.