menu-icon
India Daily

कांग्रेस के 4 MLA गायब, फोन भी 'नॉट रिचेबल'; होटल में राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन में रात भर रहा सस्पेंस!

बिहार राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले पटना के होटल पनाश में महागठबंधन की रातभर बैठक चली. कांग्रेस के चार विधायकों से संपर्क नहीं हो पाया. महागठबंधन 48 विधायकों का दावा कर रहा है, जबकि पांचवीं सीट पर कड़ी टक्कर है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
कांग्रेस के 4 MLA गायब, फोन भी 'नॉट रिचेबल'; होटल में राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन में रात भर रहा सस्पेंस!
Courtesy: ani

पटना: बिहार में आज राज्यसभा की पांच सीटों के लिए मतदान हो रहा है, लेकिन चुनाव की पूर्व संध्या पर पटना में राजनीतिक ड्रामा चरम पर पहुंच गया. महागठबंधन ने अपने विधायकों को होटल पनाश में एकत्र किया, ताकि कोई क्रॉस वोटिंग न हो. रातभर चली बैठक में कांग्रेस के चार विधायक नहीं पहुंचे और उनके फोन भी बंद मिले. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव खुद मौजूद रहे. महागठबंधन 48 विधायकों का दावा कर रहा है, जबकि एनडीए मजबूत स्थिति में है. पांचवीं सीट पर AIMIM और BSP के वोट निर्णायक हो सकते हैं.

होटल पनाश में सस्पेंस भरी रात

पटना के होटल पनाश में महागठबंधन के विधायकों की बैठक रातभर चलती रही. कांग्रेस के कुल छह विधायकों में से सिर्फ दो – कमरूल होदा और अभिषेक रंजन पहुंचे. बाकी चार- मनोहर सिंह, मनोज विश्वास, अब्दुर रहमान और सुरेंद्र कुशवाहा का कोई पता नहीं चला. कमरूल होदा ने कहा कि सभी विधायक महागठबंधन के साथ हैं और बाकी जल्द पहुंच जाएंगे. आरजेडी नेता इन विधायकों से संपर्क साधने में जुटे रहे.

तेजस्वी यादव और 48 का दावा

आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने पत्रकारों से कहा कि महागठबंधन के पास पहले से 41 विधायक हैं और संख्या 48 तक पहुंच जाएगी. उन्होंने विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए कहा कि मीडिया ही ज्यादा हवा भर रहा है. असल में सही तस्वीर दिखानी चाहिए. तेजस्वी यादव भी होटल पहुंचे और विधायकों से बातचीत की. AIMIM के सभी पांच विधायक और उनके अध्यक्ष अख्तरुल ईमान भी मौजूद रहे, जो महागठबंधन का साथ दे रहे हैं. 

प्रशासन की सख्ती और सुरक्षा

एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा ने बताया कि चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं. मतदान सुबह 9 से शाम 4 बजे तक होगा और नतीजे आज ही आएंगे. किसी भी गड़बड़ी पर कड़ी कार्रवाई होगी. होटल के बाहर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है. महागठबंधन विधायकों को एक जगह रखने की रणनीति क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए अपनाई गई है. एनडीए के पास 202 विधायक हैं, जो चार सीटें आसानी से जीत सकता है. 

पांचवीं सीट पर निर्णायक मुकाबला

बिहार विधानसभा में 243 विधायक हैं और एक सीट के लिए कम से कम 41 वोट चाहिए. एनडीए चार सीटों पर मजबूत है, लेकिन पांचवीं सीट पर असली जंग है. महागठबंधन एक सीट पर दांव लगा रहा है. AIMIM के 5 और BSP के 1 विधायक इस मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकते हैं. सभी दल आखिरी घंटों में अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं. नतीजे आज शाम को साफ हो जाएंगे.