पटना: बिहार में आने वाले 24 घंटों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. 15 से 20 मार्च के बीच अलग-अलग हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
इसी को देखते हुए विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हो रहा है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 15 मार्च को सीतामढ़ी, शिवहर, पश्चिमी चंपारण और पूर्वी चंपारण में बारिश की संभावना है. इसके अलावा वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में मौसम खराब रहने और बूंदाबांदी होने के आसार हैं.
विभाग का कहना है कि 16 मार्च से 19 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान किशनगंज, सुपौल, अररिया, रोहतास, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा जैसे जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है. वहीं जमुई, बांका और भागलपुर में 15 से 20 मार्च के बीच बारिश की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग ने 15 मार्च के लिए पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, सीवान, सारण, वैशाली, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम बारिश होने की संभावना है. 16 मार्च से यह अलर्ट पूरे राज्य में लागू हो सकता है. मौसम वैज्ञानिकों ने आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी भी दी है.
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से बिहार में तापमान बढ़ने लगा है. शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस जीरादेई (सिवान) में रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.