बिहार के बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र स्थित मौजी थान सिंह गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. 3 अक्टूबर की आधी रात को घर में सो रहे पति-पत्नी को गोलियों से भून दिया गया. घायलों की पहचान करिश्मा पासवान और उनके पति छोटू महतो के रूप में हुई है.
करिश्मा मूल रूप से बखरी इलाके की रहने वाली हैं और उन्होंने साहेबपुर कमाल क्षेत्र के छोटू महतो से प्रेम विवाह किया था. दोनों अपने मायके आए हुए थे. रात के करीब 2 बजे जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी आरोपी अपने एक सहयोगी के साथ जबरन घर में घुसा और दोनों पर गोलियां चला दीं.
पीड़ित परिवार के अनुसार, इस खूनी हमले की वजह 6 महीने पुराना सोशल मीडिया विवाद है. करिश्मा ने बताया कि गांव के ही रहने वाले जितेंद्र यादव ने बिना अनुमति उनकी तस्वीरें फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी थीं. जब करिश्मा के पति छोटू ने इस बात का कड़ा विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया.
हालांकि, कुछ समय बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था और फोटो भी हटा ली गई थी. इसके बावजूद आरोपी जितेंद्र यादव मन में रंजिश पाले बैठा था और इसी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया.
गोलीबारी की आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन कर महिला के शरीर से गोली बाहर निकाली. फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है और उनके पति का भी इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जितेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार साथी की तलाश में छापेमारी जारी है.