menu-icon
India Daily

बिहार में शादी से लौट रही स्कॉर्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 की मौत; 3 गंभीर घायल

बिहार की राजधानी पटना के पास एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी.

Shilpa Shrivastava
बिहार में शादी से लौट रही स्कॉर्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 की मौत; 3 गंभीर घायल
Courtesy: Pinterest

पटना: बिहार की राजधानी पटना के पास एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

यह दुर्घटना अथमलगोला थाना क्षेत्र में सबनिमा पेट्रोल पंप के पास हुई. बताया जा रहा है कि बारह थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर के बेलथान गांव गई थी. शादी समारोह संपन्न होने के बाद कुछ लोग स्कॉर्पियो से वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी.

हादसे में चार लोगों की मौत:

इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो चालक धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणु कुमारी (18) की मौत हो गई. वहीं, सत्यन कुमार (10), रितिका कुमारी (12) और एक अधेड़ महिला गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को पहले बाढ़ अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे:

हादसे की सूचना मिलते ही अथमलगोला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन का निरीक्षण किया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.