नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाला 32वां ग्रुप स्टेज मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया. यह मैच श्रीलंका के पल्लेकेले स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन पूरे समय तेज बारिश होती रही.
हालात ऐसे रहे कि टॉस तक नहीं हो सका और आखिरकार बिना एक भी गेंद डाले मैच को रद्द घोषित करना पड़ा. इस मैच के रद्द होने का सबसे ज्यादा फायदा जिम्बाब्वे की टीम को हुआ, जो सुपर-8 चरण में जगह बनाने में सफल रही. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम का इस टूर्नामेंट में सफर यहीं खत्म हो गया. टी20 विश्व कप 2026 में जिम्बाब्वे की टीम ने इतिहास रचते हुए पहली बार सुपर 8 में जगह बनाई है.
Zimbabwe seal a Super 8 spot at the #T20WorldCup as rain has the final say in Kandy.
— ICC (@ICC) February 17, 2026
📝: https://t.co/8G1G5WST9V pic.twitter.com/P6Sh5gpIAC
मैच रद्द होने के बाद नियम के अनुसार, दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया. इसी के साथ जिम्बाब्वे के कुल पांच अंक हो गए, जबकि आयरलैंड के कुल तीन अंक ही हुए. ग्रुप की स्थिति को देखते हुए अब यह साफ हो गया है कि जिम्बाब्वे को सुपर-8 में पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता.
दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया की टीम के पास अभी एक मैच बाकी है, लेकिन वह उसे जीत भी ले तो अधिकतम चार अंक तक ही पहुंच पाएगी. इस कारण ऑस्ट्रेलिया की टीम अंक तालिका में जिम्बाब्वे से आगे नहीं निकल सकती और उसका अभियान समाप्त हो गया.
जिम्बाब्वे की टीम का इस विश्व कप में प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है. टीम ने अब तक तीन मुकाबले खेले हैं, जिनमें से दो में जीत दर्ज की और एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ. अपने पहले मैच में जिम्बाब्वे ने ओमान को आठ विकेट से हराकर शानदार शुरुआत की थी. इसके बाद दूसरे मैच में उसने बड़ी टीम मानी जाने वाली ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर सभी को चौंका दिया. इस जीत ने जिम्बाब्वे के आत्मविश्वास को और मजबूत किया और सुपर-8 की दौड़ में उसे बढ़त दिलाई.
अब जिम्बाब्वे का अगला मुकाबला 19 फरवरी को श्रीलंका के खिलाफ खेला जाएगा. हालांकि, सुपर-8 में जगह लगभग पक्की हो चुकी है. फिर भी टीम इस मैच को जीतकर अपने अभियान को और मजबूत बनाना चाहेगी. वहीं, ऑस्ट्रेलिया का सामना ओमान से होना है, लेकिन यह मैच उसके लिए औपचारिकता भर रह गया है.