menu-icon
India Daily

230 पायदान ऊपर, टॉप-50 में एंट्री... वैभव सूर्यवंशी ने ICC T20 रैंकिंग में मारी लंबी छलांग

जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार बल्लेबाजी का इनाम वैभव सूर्यवंशी को ICC रैंकिंग में मिला है. 15 वर्षीय बल्लेबाज ने 230 स्थानों की लंबी छलांग लगाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की सूची में 48वां स्थान हासिल किया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
230 पायदान ऊपर, टॉप-50 में एंट्री... वैभव सूर्यवंशी ने ICC T20 रैंकिंग में मारी लंबी छलांग
Courtesy: X (@mufaddal_vohra)

भारतीय क्रिकेट का युवा चेहरा वैभव सूर्यवंशी लगातार अपनी प्रतिभा से सबका ध्यान खींच रहे हैं. जिम्बाब्वे के खिलाफ T20 सीरीज में दमदार बल्लेबाजी करने वाले इस 15 वर्षीय बल्लेबाज को अब ICC रैंकिंग में भी बड़ा फायदा मिला है. उनके शानदार प्रदर्शन ने न केवल टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी पहचान भी मजबूत कर दी है. नई रैंकिंग ने साफ कर दिया है कि वैभव का भविष्य बेहद उज्ज्वल होने वाला है. वैभव भारतीय क्रिकेट का उभरता हुआ सितारा हैं फैंस और बोर्ड को उनसे आने वाले दिनों में काफी उम्मीदें  हैं. 

230 स्थान की रिकॉर्ड छलांग

ICC की ताजा T20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में वैभव सूर्यवंशी ने 230 स्थानों की शानदार छलांग लगाई है. इस उछाल के साथ वह सीधे 48वें स्थान पर पहुंच गए हैं. महज 15 साल की उम्र में इतनी बड़ी प्रगति युवा बल्लेबाज के आत्मविश्वास और निरंतर प्रदर्शन को दर्शाती है. क्रिकेट जगत में भी उनकी उपलब्धि की खूब चर्चा हो रही है.

जिम्बाब्वे दौरे पर बल्ले से किया कमाल

जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में वैभव ने दो शानदार अर्धशतक लगाए. उन्होंने तीन मुकाबलों में कुल 151 रन बनाए और 50.33 की औसत दर्ज की. भारत ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की. इस बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत वैभव के खाते में 536 रेटिंग अंक जुड़ गए.

भारतीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में बदलाव

टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में ईशान किशन 910 रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं. तिलक वर्मा दो स्थान ऊपर चढ़कर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं. वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर ने सात स्थान की छलांग लगाते हुए 24वां स्थान हासिल किया. भारतीय बल्लेबाजों की लगातार बेहतर रैंकिंग टीम की मजबूती को भी दिखाती है.

वनडे और गेंदबाजी रैंकिंग में भी बदलाव

वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल को पीछे छोड़कर फिर से पहला स्थान हासिल कर लिया है. वहीं टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में रवि बिश्नोई 31 स्थान की छलांग लगाकर 41वें नंबर पर पहुंच गए. चोट के कारण जिम्बाब्वे दौरे से बाहर रहे वरुण चक्रवर्ती तीन स्थान नीचे खिसके, लेकिन शीर्ष 10 में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे.