फीफा विश्व कप 2026 में कोलंबिया ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं. टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उज्बेकिस्तान को 3-1 से मात दी. इस जीत के सबसे बड़े नायक रहे स्टार खिलाड़ी लुइस डियाज, जिन्होंने न केवल गोल दागा बल्कि एक असिस्ट भी किया. उनके हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत कोलंबिया ने टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया और अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया.
विश्व कप में पहली बार हिस्सा ले रही उज्बेकिस्तान की टीम ने इस मैच में जूझारू खेल दिखाया, हालांकि अनुभव और क्वालिटी के मामले में कोलंबियाई टीम भारी पड़ी.
मुकाबले के पहले हाफ में कोलंबिया ने लगातार दबाव बनाए रखा. इसका फायदा 40वें मिनट में मिला, जब लुइस डियाज के सटीक पास पर डेनियल मुनोज ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. यह मुनोज़ के लिए भी विश्व कप में यादगार पल साबित हुआ क्योंकि वह अपना पहला विश्व कप मैच खेल रहे थे.
Colombia open their World Cup campaign with a 3-1 win over debutants Uzbekistan.
They're at it once again 🕺 pic.twitter.com/yZGeylp9DW— B/R Football (@brfootball) June 18, 2026Also Read
दूसरे हाफ में उज्बेकिस्तान ने शानदार जुझारूपन दिखाया. 60वें मिनट में फायजुल्लायेव अब्बोसबेक ने गोल दागकर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया. इस गोल के बाद कुछ समय के लिए ऐसा लगा कि उज्बेकिस्तान इतिहास रच सकता है. हालांकि ऐसा हो नहीं सका और टीम मैच हार गई.
कोलंबिया के स्टार खिलाड़ी लुइस डियाज ने 65वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को फिर से बढ़त दिला दी. उनके इस गोल ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और उज्बेकिस्तान की उम्मीदों को बड़ा झटका पहुंचाया.
स्टॉपेज टाइम में जैमिंटन कैम्पाज ने तीसरा गोल कर कोलंबिया की जीत पर मुहर लगा दी. इस परिणाम के साथ कोलंबिया ने ग्रुप में तीन अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया. इससे पहले पुर्तगाल और डीआर कांगो के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ था, जिसका फायदा कोलंबियाई टीम को मिला. अब टीम अगले मुकाबलों में इसी लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी.