नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद जहां खिलाड़ियों का भव्य स्वागत और विशेष यात्रा व्यवस्थाएं देखने को मिलीं, वहीं एक भारतीय क्रिकेटर ने घर लौटने के लिए बिल्कुल अलग रास्ता चुना. आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर चार्टर फ्लाइट या बिजनेस क्लास यात्रा करते हैं, लेकिन इस बार परिस्थितियां ऐसी बनीं कि भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे को ट्रेन से सफर करना पड़ा.
दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने अपनी पहचान छिपाकर थर्ड एसी कोच में यात्रा की और पूरी कोशिश की कि रास्ते में कोई उन्हें पहचान न सके. यह घटना टी20 विश्व कप 2026 के बाद की है, जब टीम इंडिया की जीत के बाद खिलाड़ी अहमदाबाद से अपने-अपने घर लौट रहे थे. दुबे ने भी अपने परिवार के साथ मुंबई जाने के लिए फ्लाइट बुक करने की कोशिश की, लेकिन सभी उड़ानें पहले से ही पूरी तरह भर चुकी थीं. ऐसे में उन्होंने सड़क मार्ग के बजाय ट्रेन से यात्रा करने का फैसला किया.
शिवम दुबे ने बताया कि उन्होंने पहले अपने और परिवार के लिए विमान टिकट बुक करने की कोशिश की, लेकिन किसी भी उड़ान में सीट उपलब्ध नहीं थी. इसके बाद उन्होंने अहमदाबाद से मुंबई के लिए सुबह-सुबह चलने वाली ट्रेन का विकल्प चुना. उनके अनुसार, सड़क से यात्रा करना संभव था, लेकिन उसमें ज्यादा समय लग सकता था, इसलिए ट्रेन को प्राथमिकता दी गई.
अपने फैसल पर अडिग रहे दुबे अपनी पत्नी और एक करीबी मित्र के साथ ट्रेन में सवार हुए. काफी कोशिशों के बाद उन्हें थर्ड एसी कोच में टिकट मिल पाया. हालांकि यह फैसला आसान नहीं था, क्योंकि उनके परिवार और दोस्तों को चिंता थी कि अगर स्टेशन या ट्रेन में कोई उन्हें पहचान लेता है तो स्थिति असहज हो सकती है.
दुबे ने अपनी पूरी यत्रा के दौरान अपनी पहचान छिपाने की पूरी कोशिश की. उन्होंने टोपी, मास्क और फुल स्लीव टी-शर्ट पहन रखी थी ताकि लोग उन्हें आसानी से पहचान न सकें. इसके अलावा उन्होंने सुबह 5:10 बजे की ट्रेन चुनी, क्योंकि उस समय स्टेशन पर भीड़ कम रहती है.
ट्रेन में सफर के दौरान एक दिलचस्प घटना भी हुई. जब टिकट चेक करने के लिए टीटी आया तो उसने नाम देखकर सवाल किया कि क्या यह क्रिकेटर शिवम दुबे हैं. उस समय दुबे की पत्नी ने तुरंत स्थिति संभालते हुए कहा कि ऐसा कुछ नहीं है और टिकट चेकर आगे बढ़ गया. इस तरह उनका सफर बिना ज्यादा ध्यान आकर्षित किए चलता रहा.