menu-icon
India Daily

अर्शदीप सिंह को ICC ने सुनाई तगड़ी सजा, टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में डेरिल मिचेल को मारी थी गेंद

भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर T20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल को बॉल मारने के आरोप में  मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
अर्शदीप सिंह को ICC ने सुनाई तगड़ी सजा, टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में डेरिल मिचेल को मारी थी गेंद

नई दिल्ली: भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है. इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में जश्न का माहौल है. भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी भी अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं. इस बीच तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को बड़ा झटका लगा है.

आईसीसी ने अर्शदीप सिंह पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है. तेज गेंदबाज के खिलाफ यह कार्रवाई T20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल को बॉल मारने के आरोप में की गई है. 

अर्शदीप सिंह ने मारी गेंद

दरअसल, पारी के 11वें ओवर में गेंदबाजी करने आए अर्शदीप सिंह को डेरिल मिचेल ने दो लंबे छक्के जड़ दिए. ओवर की पांचवीं गेंद पर जब कोई रन नहीं बना और गेंद अर्शदीप के हाथों में गई, तो उन्होंने बिना किसी ठोस कारण के गेंद सीधे मिचेल की ओर फेंक दी. अर्शदीप का यह व्यवहार मिचेल को नागवार गुजरा और वे बेहद गुस्से में भारतीय गेंदबाज की ओर बढ़ गए. दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. 

कप्तान और अंपायर ने किया हस्तक्षेप 

मैदान पर बढ़ते तनाव को देखते हुए कप्तान सूर्यकुमार यादव और अंपायरों को फौरन बीच-बचाव करना पड़ा. मिचेल काफी आक्रामक मुद्रा में थे और हाथों से इशारे कर रहे थे. सूर्या ने धैर्य के साथ मिचेल को समझाया और शांत किया, जबकि अंपायर ने अर्शदीप से उनके आचरण को लेकर बात की. हालांकि खेल भावना का परिचय देते हुए ओवर खत्म होने के बाद अर्शदीप ने मिचेल से हाथ मिलाकर मामले को वहीं रफा-दफा कर दिया.

अर्शदीप सिंह की प्रतिक्रिया

मैच के दौरान हुए विवाद को लेकर भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी. मुकाबले के बाद अर्शदीप ने इस मामले पर खुलकर बात की और कहा कि उनका किसी खिलाड़ी को चोट पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था. उन्होंने कहा कि मैं तुरंत भागकर मिचेल से माफी मांगने गया था. जब मैंने गेंद फेंकी तो वह रिवर्स स्विंग हो गई और थ्रो में उन्हें लग गई.
 

अक्षर का निर्णायक वार

हंगामे के ठीक बाद 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने डेरिल मिचेल का अहम विकेट झटक लिया. मिचेल केवल 17 रन ही बना सके और उनके आउट होते ही न्यूजीलैंड की जीत की रही-सही उम्मीदें भी खत्म हो गई. भारतीय गेंदबाजों के शानदार तालमेल और दबाव की रणनीति ने कीवी टीम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया. पूरी कीवी टीम भारतीय प्रहार के सामने बिखर गई और भारत अंततः 96 रनों से विजयी रहा.