menu-icon
India Daily

IPL 2026 Schedule: एक साथ जारी नहीं होगा पूरा शेड्यूल, जानें पहले कितने मैचों की तारीख आएगी सामने

असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में चुनावी प्रक्रिया आईपीएल के दौरान ही चलने की संभावना है. सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने पूरा कार्यक्रम एक साथ जारी करने के बजाय चरणों में घोषित करने का फैसला किया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
IPL 2026 Schedule: एक साथ जारी नहीं होगा पूरा शेड्यूल, जानें पहले कितने मैचों की तारीख आएगी सामने

नई दिल्ली: भारत में टी20 विश्व कप 2026 की जीत के जश्न के बीच क्रिकेट के त्यौहार यानी इंडियन प्रीमियर लीग को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है, लेकिन इस बार टूर्नामेंट का शेड्यूल एक साथ जारी नहीं किया जाएगा.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने फैसला किया है कि पहले 20 दिनों के मैचों का शेड्यूल जारी किया जाएगा और बाकी मुकाबलों की तारीख का ऐलान बाद में होगा. बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को बताया कि बोर्ड आने वाले दो से तीन दिनों (13 मार्च संभावित तारीख) में आईपीएल 2026 के शुरुआती 20 दिनों का कार्यक्रम घोषित कर देगा. इसके बाद टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों की तारीखें अलग से जारी की जाएगी. बोर्ड इस समय अलग-अलग कारकों को ध्यान में रखते हुए शेड्यूल को अंतिम रूप दे रहा है.

शेड्यूल पर चुनावों का असर 

इस बार कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में चुनावी प्रक्रिया आईपीएल के दौरान ही चलने की संभावना है. सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने पूरा कार्यक्रम एक साथ जारी करने के बजाय चरणों में घोषित करने का फैसला किया है.

आधिकारिक तौर पर जारी नहीं हुआ शेड्यूल

पहले इस टूर्नामेंट की शुरुआत 26 मार्च से होने वाली थी, लेकिन कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के कारण तारीख में बदलाव किया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, तमिलनाडु, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में चुनाव होने की वजह से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट का कार्यक्रम बदला गया है. हालांकि, अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने IPL 2026 का पूरा शेड्यूल आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया है.

विधानसभा चुनाव के चलते शेड्यूल में बदलाव

इन चुनावी राज्यों में कुछ ऐसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम हैं, जहां IPL के मुकाबले अक्सर खेले जाते हैं. तमिलनाडु के चेन्नई में स्थित एमए चिदंबरम स्टेडियम चेन्नई सुपर किंग्स का घरेलू मैदान है. वहीं, कोलकाता का ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स कोलकाता नाइट राइडर्स का होम ग्राउंड है. इसके अलावा असम के गुवाहाटी में बना बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम राजस्थान रॉयल्स का दूसरा घरेलू मैदान रहा है.

दो चरणों में होगा टूर्नामेंट

चुनावों के कारण इस बार भी IPL का शेड्यूल दो हिस्सों में जारी होने की संभावना जताई जा रही है. इससे पहले जब-जब देश में आम चुनाव या बड़े विधानसभा चुनाव हुए हैं, तब टूर्नामेंट का कार्यक्रम चरणों में घोषित किया गया था. 2009, 2014, 2019 और 2024 के चुनावों के दौरान भी इसी तरह का तरीका अपनाया गया था.

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा फाइनल

इस बार IPL 2026 का उद्घाटन मैच और फाइनल मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने की पुष्टि हो चुकी है. कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संतोष मेनन ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट का पहला मैच और खिताबी मुकाबला इसी मैदान पर आयोजित किया जाएगा. पिछले सीजन की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने पांच घरेलू मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी.

क्या है टूर्नामेंट की परंपरा?

वहीं, टीम के बाकी दो घरेलू मुकाबले छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे. गौरतलब है कि IPL में परंपरा रही है कि टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच, क्वालिफायर-2 और फाइनल मुकाबला मौजूदा चैंपियन टीम के घरेलू मैदान पर ही कराया जाता है. इसी परंपरा को जारी रखते हुए इस बार बेंगलुरु को मेजबानी दी गई है.
 

Topics