टी20 वर्ल्ड कप जीतकर आई टीम के स्वागत में गुरुवार को मुंबई में विक्ट्री परेड निकाला गया. मरीन ड्राइल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा जिससे दक्षिण मुंबई का यातायात पूरी तरह से ठप्प हो गया. टीम ओपन बस में सवार होकर निकली. फैंस पूरे रास्ते टीम को चियर करते रहे. मरीन ड्राइव से वानखेड़े स्टेडियम तक टीम इंडिया की विजय परेड के दौरान जो पागलपन दिखा, वह सिर्फ़ सड़कों तक ही सीमित नहीं था. कई फैंस पेड़ पर चढ़ गए.
टी 20 विश्व कप जीतने के बाद विजयी भारतीय क्रिकेट टीम कल भारत पहुंची. दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद मुंबई आई. ओपन-बस शो, जो शाम 5:00 बजे शुरू होना था, देर से शुरू हुआ, लेकिन एक बार जब यह शुरू हुआ तो विजय परेड देखने लायक थी क्योंकि लाखों लोग नए-नए विश्व चैंपियन की घर वापसी का जश्न मनाने के लिए आए थे.
बस के ऊपर जब खिलाड़ी जश्न मना रहे थे तभी उनकी नजर पेड़ पर चढ़े एक लड़के पर पड़ी. विराट कोहली , रोहित शर्मा और अन्य प्लेयर ने एक लड़के को पेड़ पर बैठे और तस्वीरें खींचते हुए देखा. कोहली सबसे पहले उसे देखे और उन्होंने तुरंत रोहित को इस बारे में बताया. भारतीय कप्तान ने तुरंत उस आदमी को नीचे उतरने के लिए कहा. यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
नरीमन पॉइंट से वानखेड़े स्टेडियम तक की यात्रा के दौरान एक बार फिर सभी की नज़र कोहली और रोहित पर थी. दोनों ने जमकर जश्न मनाया, प्लेयर के साथ-साथ राहुल द्रविड़ ने भी इस पल का आनंद उठाया. फैंस मरीन ड्राइव पर टीम इंडिया के स्वागत के लिए दोपहर 2 बजे से ही जुटने शुरू हो गए थे. 3 किमी लंबी मरीन ड्राइव पर 3 लाख से ज्यादा लोग मौजूद थे. बिल्डिंग, पेड़, बसों और वाहनों पर चढ़े थे. विक्ट्री परेड शुरू हुई तो भारतीय स्टार ने भी फैंस को निराश नहीं किया. 48 मिनट की विक्ट्री परेड में रोहित, विराट, बुमराह हों या हार्दिक सभी खुशी से झूम रहे थे.