menu-icon
India Daily

तिहरा शतक नहीं मुंहतोड़ जवाब है... पाकिस्तान स्टार ने पीसीबी पर निकाला गुस्सा

इंग्लैंड दौरे के बीच पाकिस्तान टीम से बाहर किए गए सलमान अली आगा ने घरेलू क्रिकेट में शानदार जवाब दिया. उन्होंने प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में तिहरा शतक जड़कर चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन का ध्यान खींचा.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
तिहरा शतक नहीं मुंहतोड़ जवाब है...  पाकिस्तान स्टार ने पीसीबी पर निकाला गुस्सा
Courtesy: X

Salman Ali Agha Hits Triple Century : सलमान अली आगा को इंग्लैंड दौरे के बीच पाकिस्तान के सात खिलाड़ियों के साथ टीम से रिलीज कर दिया गया था. अब घरेलू क्रिकेट में लौटते ही उन्होंने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया. सलमान ने प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 में अपने करियर का पहला दोहरा और तिहरा शतक एक ही पारी में जड़ दिया.

सलमान ने ठोका तिहरा शतक

किंग्समेन एकेडमी और Markhor IT Solutions के मुकाबले में किंग्समेन ने 72 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद सलमान अली आगा ने मोहम्मद सुलेमान के साथ पारी संभाली. पहले दिन सलमान 101 रन बनाकर नाबाद रहे और दोनों के बीच 185 रन की साझेदारी हुई. इसके बाद उन्होंने तेजी से रन बनाते हुए अपना शतक दोहरे शतक में बदला और फिर तिहरे शतक तक पहुंच गए. खास बात यह रही कि इससे पहले फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सलमान का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 169 रन था और उन्होंने कभी दोहरा शतक नहीं लगाया था.

टीम से भी हुई छुट्टी

इंग्लैंड दौरे पर सलमान को बाबर आजम की गैरमौजूदगी में हेडिंग्ले टेस्ट में पाकिस्तान की कप्तानी मिली थी. हालांकि टीम को उस मुकाबले में हार मिली और अगले टेस्ट में उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया. इसके बाद तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान ने टीम में बड़े बदलाव किए और सलमान समेत सात खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया. दौरे की शुरुआत में कप्तानी करने वाले सलमान को कुछ ही समय बाद स्वदेश लौटना पड़ा. इंग्लैंड ने पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया.

पत्नी के मैसेज ने बयां किया पूरा दर्द

सलमान की इस पारी को उनके हालिया दौर से जोड़कर देखा जा रहा है. उनके दोहरे शतक के बाद पत्नी ने इंस्टाग्राम पर लिखा था, ‘बेसिक्स पर वापस लौटने में कुछ भी गलत नहीं है. कभी-कभी इसकी जरूरत होती है.’ उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन संदेश ने फैंस का ध्यान खींचा. इंटरनेशनल क्रिकेट से घरेलू मैदान पर लौटे सलमान ने इसे दबाव नहीं बनने दिया. तिहरे शतक के साथ उन्होंने अपनी बल्लेबाजी की ताकत दिखाई और टीम में वापसी के लिए मजबूत दावा पेश किया.