menu-icon
India Daily

15 साल का सफर शानदार रहा... स्टीव स्मिथ का बयान संन्यास की ओर कर रहा इशारा, एशेज 2027 खेलना पक्का नहीं

स्टीव स्मिथ ने एशेज 2027 में खेलने को लेकर अभी कोई पक्का फैसला नहीं किया है. 37 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज सीरीज-दर-सीरीज आगे बढ़ रहे हैं और फिलहाल 2028 ओलंपिक पर भी नजर है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
15 साल का सफर शानदार रहा... स्टीव स्मिथ का बयान संन्यास की ओर कर रहा इशारा, एशेज 2027 खेलना पक्का नहीं
Courtesy: X

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ के टेस्ट भविष्य को लेकर तस्वीर साफ नहीं है. उन्होंने एशेज 2027 में खेलने की पुष्टि करने से इनकार किया है. स्मिथ ने कहा कि वह फिलहाल हर सीरीज के हिसाब से फैसला ले रहे हैं. साथ ही उनकी नजर 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक पर है.

‘अभी नहीं पता खेलूंगा या नहीं’ : स्टीव स्मिथ

स्टीव स्मिथ ने सोमवार को ‘द टेलीग्राफ’ से बातचीत में एशेज 2027 को लेकर कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि उस समय वह टीम का हिस्सा होंगे या नहीं. 37 साल के स्मिथ फिलहाल यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में एम्स्टर्डम फ्लेम्स के लिए खेल रहे हैं. उन्होंने बताया कि टेस्ट करियर को लेकर वह कुछ समय से सीरीज-दर-सीरीज सोच रहे हैं. इंग्लैंड में होने वाली अगली एशेज अभी उनके लिए काफी दूर है. हालांकि, वह वहां जीतना चाहते हैं और फिलहाल उनका एक बड़ा लक्ष्य 2028 ओलंपिक में खेलना है.

संन्यास की नहीं की पुष्टि

स्मिथ ने संन्यास की कोई तारीख तय नहीं की है. उनका कहना है कि वह अभी कुछ और समय टी20 क्रिकेट खेल सकते हैं और खेल को छोड़ने की कोई आखिरी तारीख उनके दिमाग में नहीं है. उन्होंने अपने करीब 15 साल के करियर को शानदार बताया और कहा कि वह अभी इसका आनंद ले रहे हैं. टेस्ट क्रिकेट में स्मिथ ने 125 मैचों में 37 शतक लगाए हैं. वह पुरुष टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड के हैरी ब्रूक के बाद दूसरे स्थान पर हैं. ऐसे में उनके संन्यास की अटकलों के बीच वापसी या आगे खेलने का फैसला पूरी तरह उन पर निर्भर है.

साउथ अफ्रीका दौरे को लेकर क्या बोले?

ऑस्ट्रेलिया को अक्टूबर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है. 2018 के बॉल-टेम्परिंग मामले में 12 महीने का प्रतिबंध झेलने के बाद यह स्मिथ का साउथ अफ्रीका में पहला टेस्ट दौरा होगा. हालांकि, स्मिथ ने इस पुराने मामले को ज्यादा महत्व नहीं दिया. उन्होंने कहा कि उनके लिए यह एक और टेस्ट सीरीज है. स्मिथ ने साउथ अफ्रीका को मजबूत टीम बताया और कहा कि उसके पास शानदार तेज गेंदबाजी आक्रमण है. उन्होंने याद दिलाया कि साउथ अफ्रीका ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था.