menu-icon
India Daily

अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हुआ टीम इंडिया का स्टार, एक मैच खेलते ही फिर लगी चोट; करियर पर मंडराया खतरा

अफगानिस्तान के खिलाफ पहला टी20 खेलने के बाद वरुण चक्रवर्ती चोटिल होकर पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हुआ टीम इंडिया का स्टार, एक मैच खेलते ही फिर लगी चोट; करियर पर मंडराया खतरा
Courtesy: X

भारतीय टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के बीच बड़ा झटका लगा है. लंबे समय बाद मैदान पर लौटे स्पिनर वरुण चक्रवर्ती एक मैच खेलने के बाद ही चोटिल हो गए. उन्होंने पहले मुकाबले में चार ओवर में 16 रन देकर एक विकेट लिया था. अब वह पूरी सीरीज नहीं खेल पाएंगे.

CoE पर उठ रहे गंभीर सवाल

वरुण चक्रवर्ती को जुलाई 2026 में इंग्लैंड सीरीज के दौरान चोट लगी थी. इसके बाद बीसीसीआई ने उन्हें इंग्लैंड से वापस बुला लिया और वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रीहैब कर रहे थे. आईपीएल के दौरान भी वह कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए कई बार लंगड़ाते हुए गेंदबाजी करते नजर आए थे. करीब दो महीने की वापसी के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में उन्होंने चार ओवर पूरे किए और सिर्फ 16 रन दिए. ऐसे में मैच के तुरंत बाद चोट का फिर उभरना चिंता बढ़ाने वाला है.

कौन होगा वरुण चक्रवर्ती का रिप्लेसमेंट?

वरुण के बाहर होने की खबर फिलहाल मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से सामने आई है. बीसीसीआई ने इस मामले में अभी तक आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है. इसलिए यह भी साफ नहीं है कि उनकी जगह टीम में किस खिलाड़ी को शामिल किया जाएगा. भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरा टी20 15 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलना है. टीम प्रबंधन के सामने अब कम समय में वरुण का विकल्प तलाशने की चुनौती होगी. हालांकि, रिप्लेसमेंट को लेकर अभी कोई नाम सामने नहीं आया है.

चोट से बढ़ी वरुण की फिटनेस की चिंता

वरुण चक्रवर्ती इस समय भारत के नंबर-1 और दुनिया के सातवें नंबर के टी20 गेंदबाज बताए जा रहे हैं. ऐसे में लगातार चोट का लौटना टीम के साथ-साथ उनके करियर के लिए भी चिंता की बात है. इंग्लैंड दौरे के दौरान तीसरे टी20 में चोट दोबारा सामने आई थी. इसके बाद लंबे रीहैब के बाद उन्होंने वापसी की लेकिन पहला मैच पूरा करने के बाद फिर बाहर हो गए. अब उनकी फिटनेस, रीहैब प्रक्रिया और वापसी की तैयारी पर सवाल उठ रहे हैं.