menu-icon
India Daily

15 साल के वैभव सूर्यवंशी की फीस सुनकर चौंक जाएंगे, एक दिन के ब्रांड शूट के लिए लेते हैं करोड़ों

15 साल के वैभव सूर्यवंशी की ब्रांड वैल्यू IPL के बाद तेजी से बढ़ी है. वह एक दिन के शूट के लिए करोड़ों रुपये ले रहे हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
15 साल के वैभव सूर्यवंशी की फीस सुनकर चौंक जाएंगे, एक दिन के ब्रांड शूट के लिए लेते हैं करोड़ों
Courtesy: X

वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी ने उन्हें कम उम्र में ही क्रिकेट के साथ विज्ञापन बाजार का भी बड़ा नाम बना दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, वह एक दिन के ब्रांड शूट के लिए करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये ले सकते हैं. अब उनकी बढ़ती कमाई के साथ कॉन्ट्रैक्ट और सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज है.

करोड़ों की फीस पर ब्रांड लगा रहे बड़ा दांव

IPL 2026 के शानदार सीजन के बाद वैभव सूर्यवंशी की ब्रांड वैल्यू तेजी से बढ़ी है. AMP Sports & Entertainment के CEO इंद्रनील दास ब्लाह के मुताबिक, IPL से पहले उनके लिए कोई साफ रेट तय नहीं था लेकिन अब वह एक दिन के लिए करीब 1.5 करोड़ रुपये तक चार्ज कर रहे हैं. अगर अगले दो साल तक उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहता है, तो उनकी एंडोर्समेंट फीस 3 से 4 करोड़ रुपये प्रतिदिन तक पहुंच सकती है. उन्हें शुभमन गिल, ऋषभ पंत और केएल राहुल जैसे बड़े खिलाड़ियों की कैटेगरी में रखा जा रहा है.

18 साल की उम्र के बाद क्या होगा?

वैभव अभी 15 साल के हैं, इसलिए वह अपने दम पर एंडोर्समेंट कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं कर सकते. किसी गार्जियन की भूमिका जरूरी होती है. असली सवाल उन मल्टी-ईयर डील को लेकर है, जो उनके 18 साल के होने तक चलेंगी. भारत में नाबालिग खिलाड़ियों के लिए अमेरिका जैसा NIL सिस्टम नहीं है. उनकी पहचान और कमर्शियल अधिकारों की सुरक्षा प्राइवेसी कानून और पब्लिसिटी राइट जैसे मौजूदा कानूनी रास्तों से होती है. AM Sports Law & Management की आहना मेहरोत्रा के अनुसार, 18 साल की उम्र में पहुंचने के बाद ऐसे कॉन्ट्रैक्ट का क्या होगा, इस पर भारत में अभी कोई साफ कानूनी जवाब नहीं है.

सुरक्षा का ढांचा कितना मजबूत?

वैभव की लोकप्रियता सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रही. 2026 के IPL सीजन में उनके प्रदर्शन ने दर्शकों और ब्रांड्स दोनों का ध्यान खींचा. इससे पहले वह 2025 के प्रदर्शन और U19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन की पारी के कारण भी चर्चा में रहे थे. अब कंपनियां उनके लंबे करियर के बजाय मौजूदा लोकप्रियता और भविष्य की उम्मीद पर पैसा लगा रही हैं. यही वजह है कि विशेषज्ञों के मुताबिक उनके कॉन्ट्रैक्ट में फीस, अवधि, 18 साल की उम्र के बाद की शर्तें और बाहर निकलने के नियम पहले से साफ होने चाहिए.