menu-icon
India Daily

8 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, श्री चरानी ने हासिल किया टी20 में नंबर-1 का ताज

श्री चरानी ने T20I गेंदबाजी रैंकिंग में 817 रेटिंग अंक हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने मेगन शट का आठ साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
8 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा, श्री चरानी ने हासिल किया टी20 में नंबर-1 का ताज

भारतीय महिला क्रिकेट की युवा गेंदबाज श्री चरानी ने T20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. 22 वर्षीय चरानी ने 817 रेटिंग अंक के साथ नया रिकॉर्ड कायम किया. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट के 806 अंकों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा, जो नवंबर 2018 से बना हुआ था. चरानी के इस प्रदर्शन में एशिया कप और एशियाई खेलों में उनके शानदार आंकड़ों की अहम भूमिका रही. दोनों टूर्नामेंट में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से लगातार प्रभाव छोड़ा.

एशिया कप में चरानी का शानदार प्रदर्शन

भारत के आठवें एशिया कप खिताब के सफर में चरानी ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 12 विकेट हासिल किए. श्रीलंका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा. चरानी ने 20 रन देकर चार विकेट झटके. भारत ने यह मुकाबला 72 रन से जीतकर खिताब अपने नाम किया. उनके लगातार प्रभावी प्रदर्शन ने रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव किया और वह रिकॉर्ड अंकों तक पहुंच गईं.

एशियाई खेलों में भी जारी रहा जलवा

एशियाई खेलों में चरानी ने अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखा. जापान के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4/10 के आंकड़े दर्ज किए. इस गेंदबाजी ने भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. इसके बाद 22 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ स्वर्ण पदक मुकाबले में भी उन्होंने दो विकेट हासिल किए. भारत ने यह मैच 147 रन के बड़े अंतर से जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया.

मेगन शट का आठ साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

एशियाई खेलों के प्रदर्शन के बाद चरानी की रेटिंग 817 अंक तक पहुंच गई. इसके साथ ही उन्होंने मेगन शट का 806 रेटिंग अंकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. यह रिकॉर्ड नवंबर 2018 में बना था और करीब आठ सालों तक कायम रहा. इसी रैंकिंग में दीप्ति शर्मा को भी फायदा हुआ है. एशियाई खेलों के फाइनल में तीन विकेट लेने के बाद उनके 754 अंक हो गए हैं और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं.

स्मृति मंधाना की भी टॉप 5 में वापसी

T20I बल्लेबाजी रैंकिंग में स्मृति मंधाना ने भी शीर्ष पांच में वापसी की है. श्रीलंका के खिलाफ एशियाई खेलों के फाइनल में 79 रन की पारी के बाद उन्हें फायदा मिला. वहीं वनडे रैंकिंग में वेस्टइंडीज की कप्तान हेले मैथ्यूज 182 रन की रिकॉर्ड पारी के बाद 711 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंचीं. वनडे ऑलराउंडरों में एशले गार्डनर शीर्ष पर हैं, जबकि टी20 ऑलराउंडरों में मैथ्यूज पहले स्थान पर हैं.