भारत के युवा लॉन्ग जंपर शाहनवाज खान ने वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया. 20 वर्षीय एथलीट ने फाइनल में 7.84 मीटर की छलांग लगाकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. इस पदक के साथ शाहनवाज ने भारतीय पुरुष लॉन्ग जंप के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया.
शाहनवाज ने फाइनल में 7.67 मीटर की पहली छलांग लगाई और दूसरी कोशिश में 7.72 मीटर तक पहुंचे. तीसरी कोशिश में उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 7.84 मीटर की छलांग लगाई और तीसरे स्थान पर पहुंच गए. इसके बाद उनकी चौथी कोशिश 7.52 मीटर की रही. आखिरी प्रयासों के दौरान शाहनवाज को ऐंठन हुई और वह घुटनों के बल बैठ गए. इसके बाद उन्हें इस बात का इंतजार था कि पीछे मौजूद खिलाड़ी उनका रिकॉर्ड पार कर पाते हैं या नहीं. कोई भी उनसे आगे नहीं निकल सका और उन्होंने ब्रॉन्ज पक्का कर लिया. इटली के डेनियल लियोनार्डो इनज़ोली ने 7.97 मीटर के साथ गोल्ड. वहीं ऑस्ट्रेलिया के मेसन मैकग्रोडर ने 7.96 मीटर के साथ सिल्वर जीता.
HISTORIC BRONZE BY SHAHNAVAZ! 🤩🇮🇳
Shahnavaz Khan becomes the first-ever Indian Men’s Long Jumper to win a medal at the World Athletics U20 Championships. 🥉
A BRILLIANT 7.84M LEAP! 🔥🔥🔥 pic.twitter.com/RtEX4KhYNe— The Khel India (@TheKhelIndia) August 9, 2026Also Read
शाहनवाज के लिए यह मेडल पिछले कुछ महीनों की शानदार मेहनत का नतीजा है. उन्होंने पहले अपना पर्सनल बेस्ट 8.23 मीटर तक पहुंचाया और फिर इसे सुधारकर 8.30 मीटर कर लिया. एशियन U20 चैंपियनशिप में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता और 2026 एशियन गेम्स के लिए क्वालिफिकेशन मार्क भी हासिल किया. वर्ल्ड U20 चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने से पहले उन्होंने U20 नेशनल रिकॉर्ड भी तोड़ा था. क्वालिफिकेशन में उन्होंने 7.73 मीटर की छलांग लगाई थी, जिसे फाइनल में 7.84 मीटर तक बेहतर किया. भारत के दूसरे फाइनलिस्ट आर.सी. जिथिन अर्जुनन 7.59 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग के साथ आठवें स्थान पर रहे.
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के मधापुर गांव में पले-बढ़े शाहनवाज का सफर भी खास रहा है. उनके पिता टैक्सी चलाते थे. वहीं परिवार में खेलों से जुड़े कई लोग रहे हैं. उनके चाचा शाहरुख 3000 मीटर स्टीपलचेज में नेशनल गेम्स चैंपियन रह चुके हैं. एक अन्य चाचा मोहम्मद हदीस नेशनल स्तर पर जैवलिन थ्रो कर चुके हैं और शाहनवाज के लिए प्रेरणा रहे हैं. अब 7.84 मीटर की छलांग ने उन्हें भारतीय एथलेटिक्स में खास जगह दिला दी है. यह पुरुषों की लॉन्ग जंप में भारत का पहला वर्ल्ड-लेवल मेडल है और U20 चैंपियनशिप में भारत के लिए तीसरा पदक भी है.