रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच मंगलवार को आईपीएल 2026 का पहला क्वालीफायर मैच खेला गया. RCB ने धर्मशाला के मैदान पर GT के सामाने 255 रनों का टारगेट रखा. यह प्लेऑफ के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर था. इसका पीछा करने उतरी गुजरात की टीम 50 रनों पर 5 विकेट खो गई. इसके बाद आरसीबी ने इस मैच को आसानी से जीत लिया. इस जीत के साथ ही RCB फाइनल में पहुंच गई. रजत पाटीदार की कप्तानी में ऐसा लगातार दूसरी बार हुआ है. उन्होंने 92 रनों से GT को रौंद दिया. 2025 में भी RCB ने फाइनल में जगह बनाकर खिताब अपने नाम किया था.
आरसीबी की शुरुआत तेज रही. टीम को शुरुआती झटके भी लगे. वेंकटेश अय्यर ने आते ही आक्रामक अंदाज दिखाया और 7 गेंदों में 19 रन ठोक दिए. कगिसो रबाडा ने उन्हें जल्दी आउट कर दिया. इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला. कोहली ने 43 रन बनाए. वहीं पडिक्कल ने 30 रन की उपयोगी पारी खेली. इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार बल्लेबाजी के लिए उतरे. उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 93 रन जड़ते हुए गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. पाटीदार ने अपनी पारी में 9 छक्के और 5 चौके लगाए.
रजत पाटीदार को दूसरे छोर से क्रुणाल पांड्या का अच्छा साथ मिला. दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 95 रन की अहम साझेदारी की. क्रुणाल ने 28 गेंदों में 43 रन बनाते हुए बड़े शॉट लगाए. आईपीएल प्लेऑफ इतिहास में यह पहली बार था जब किसी टीम ने 250 से ज्यादा का स्कोर बनाया.
255 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही. साई सुदर्शन हिट विकेट होकर लौटे. वहीं कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 2 रन बना सके. पावरप्ले खत्म होने तक गुजरात ने पांच विकेट गंवा दिए थे और टीम दबाव में आ चुकी थी. जैकब डफी ने लगातार विकेट निकालकर गुजरात की उम्मीदें लगभग खत्म कर दीं.
आरसीबी के लिए जैकब डफी ने तीन विकेट लिए, भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पांड्या और रासिख सलाम ने दो-दो विकेट झटके. अब गुजरात टाइटंस को फाइनल में पहुंचने के लिए क्वालीफायर-2 में एलिमिनेटर की विजेता टीम से भिड़ना होगा.