menu-icon
India Daily

RCB vs GT Qualifier 1: पाटीदार की आंधी में बहे गुजरात के गेंदबाज, आरसीबी ने खड़ा किया प्लेऑफ के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस के सामने 255 रनों का विशाल लक्ष्य रख दिया. कप्तान रजत पाटीदार की विस्फोटक 93 रन की पारी ने आरसीबी को प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाने में मदद की.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
RCB vs GT Qualifier 1: पाटीदार की आंधी में बहे गुजरात के गेंदबाज, आरसीबी ने खड़ा किया प्लेऑफ के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर
Courtesy: X

IPL 2026 के पहले क्वालीफायर मुकाबले में धर्मशाला का मैदान बल्लेबाजों के नाम रहा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 254 रन बना दिए. यह आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है. कप्तान रजत पाटीदार ने जिम्मेदारी भरी और ताबतोड़ पारी खेलते हुए 93 रन बनाए. उनकी शानदार बल्लेबाजी के दम पर आरसीबी ने गुजरात के सामने 255 रनों का बेहद मुश्किल लक्ष्य खड़ा कर दिया है.

शुरुआत में लगा झटका

आरसीबी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. वेंकटेश अय्यर ने आते ही कुछ बड़े शॉट जरूर लगाए लेकिन वह ज्यादा देर टिक नहीं सके. उन्होंने सिर्फ सात गेंदों में 19 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था. दूसरे ओवर में कागिसो रबाडा ने उन्हें आउट कर गुजरात को पहली सफलता दिलाई. इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 72 रनों की अहम साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

कोहली और पडिक्कल ने की साझेदारी

विराट कोहली एक बार फिर शानदार लय में नजर आए. उन्होंने तेज गेंदबाजों के खिलाफ बेहतरीन शॉट लगाए और 25 गेंदों में 43 रन बनाए. उनकी पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा. दूसरी ओर देवदत्त पडिक्कल ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 30 रन जोड़े. हालांकि नौवें ओवर में जेसन होल्डर ने दोनों बल्लेबाजों को आउट कर गुजरात को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की. इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार ने मोर्चा संभाल लिया और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.

पाटीदार और क्रुणाल ने मचाई तबाही

रजत पाटीदार ने कप्तानी पारी खेलते हुए गुजरात के गेंदबाजों पर लगातार हमला बोला. उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए. क्रुणाल पांड्या ने भी उनका शानदार साथ निभाया. दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी हुई. क्रुणाल ने 28 गेंदों में 43 रन बनाए और अपनी पारी में कई जबरदस्त शॉट लगाए. रजत पाटीदार ने 33 गेंदों में 93 रन बनाकर आईपीएल प्लेऑफ की सबसे शानदार पारी खेली. इसमें 5 चौंके और 6 छक्के शामिल थे.

Topics