भारत के पूर्व विश्व विजेता कप्तान रोहित शर्मा इन दिनों क्रिकेट से दूर हैं. रोहित ने टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है अब वह केवल वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं. क्रिकेट के 2 प्रारूप से संन्यास लेने के बाद अब रोहित एक नई पारी की शुरुआत करने वाले हैं. अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा अब टेलीविजन की दुनिया में कदम रखने वाले हैं.
रिपोर्ट्स के अनुसार रोहित खुद अब दर्शकों का मनोरंजन एक नए अंदाज में करने की तैयारी में हैं. सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनीलिव ने एक खास टीजर के जरिए उनके नए कार्यक्रम का ऐलान किया है. इस घोषणा में रोहित का वही चर्चित ‘गार्डन’ वाला संवाद फिर सुनाई देता है, जिसने क्रिकेट के मैदान से निकलकर सोशल मीडिया पर खूब लोकप्रियता हासिल की थी. हालांकि, शो का प्रारूप और प्रसारण की तारीख अभी सामने नहीं आई है.
नए टीजर में रोहित शर्मा क्रिकेट की भूमिका से अलग नजर आते हैं. वह शूटिंग शुरू होने से पहले कैमरे के पीछे मौजूद टीम को निर्देश देते दिखाई देते हैं. उनके इस अंदाज ने प्रशंसकों की उत्सुकता बढ़ा दी है. प्रोमो से संकेत मिल रहा है कि रोहित इस कार्यक्रम में केवल मेहमान के तौर पर नहीं, बल्कि महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आ सकते हैं.
सोनी ने फिलहाल कार्यक्रम की पूरी जानकारी साझा नहीं की है. यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि रोहित किस तरह की भूमिका निभाएंगे और शो में उनके साथ कौन कौन नजर आएगा. टीजर को फिलहाल एक संकेत के रूप में पेश किया गया है. ऐसे में प्रशंसक कार्यक्रम की विषयवस्तु और उसके प्रसारण की तारीख जानने का इंतजार कर रहे हैं.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रोहित शर्मा अब केवल वनडे फॉर्मेट में ही सक्रिय हैं. तो अब भारत को अपना अगला वनडे मुकाबला सितंबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है. सीरीज का आगाज 27 सितंबर से होगा. रोहित इंडीज के खिलाफ इस सीरीज में खेलते नजर आ सकते हैं.