menu-icon
India Daily

लिवरपूल के नए मालिकों में शामिल होंगे जेफ बेजोस? अमित भाटिया के ग्रुप से बड़ी डील

जेफ बेजोस और अमित भाटिया की अगुवाई वाला निवेश समूह लिवरपूल में करीब एक-तिहाई हिस्सेदारी खरीद सकता है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
लिवरपूल के नए मालिकों में शामिल होंगे जेफ बेजोस? अमित भाटिया के ग्रुप से बड़ी डील
Courtesy: X

अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस जल्द ही लिवरपूल फुटबॉल क्लब के नए निवेशकों में शामिल हो सकते हैं. अमित भाटिया की अगुवाई वाला ग्रुप क्लब में करीब एक-तिहाई हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी में है. फेनवे स्पोर्ट्स ग्रुप ने निवेश प्रस्ताव मिलने की पुष्टि की है. वहीं ऐलान जल्द होने की उम्मीद है.

लिवरपूल में बड़ा निवेश

लिवरपूल के मालिक फेनवे स्पोर्ट्स ग्रुप (FSG) को क्लब में रणनीतिक हिस्सेदारी खरीदने का प्रस्ताव मिला है. यह ग्रुप भारतीय बिजनेसमैन अमित भाटिया की अगुवाई में काम कर रहा है और इसमें अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस के साथ फेसबुक के को-फाउंडर एडुआर्डो सेवरिन भी शामिल बताए जा रहे हैं. भाटिया पहले क्वींस पार्क रेंजर्स में शेयरहोल्डर रह चुके हैं और स्टील कारोबारी लक्ष्मी मित्तल के दामाद हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, डील का ऐलान इसी हफ्ते हो सकता है, हालांकि इसमें अगले हफ्ते तक देरी भी संभव है. प्रस्ताव के तहत लिवरपूल की वैल्यू करीब 4.4 बिलियन pound आंकी जा सकती है.

FSG का कंट्रोल रहेगा बरकरार

FSG ने 2010 में लिवरपूल को खरीदा था और इस डील के बाद भी क्लब का मुख्य कंट्रोल उसके पास ही रहने की उम्मीद है. प्रस्तावित निवेश में करीब एक-तिहाई हिस्सेदारी नए ग्रुप को मिल सकती है लेकिन क्लब के बड़े फैसलों पर FSG की पकड़ बनी रहेगी. फोर्ब्स के अनुसार, बेजोस की संपत्ति 280 बिलियन dollar से अधिक है और वह पहले भी कई बड़े अमेरिकी स्पोर्ट्स क्लबों में निवेश की संभावनाएं देख चुके हैं. एडुआर्डो सेवरिन भी 2022 में चेल्सी को खरीदने वाले एक ग्रुप का हिस्सा रहे थे. लिवरपूल में यह निवेश ऐसे समय हो रहा है जब प्रीमियर लीग में अमेरिकी निवेशकों की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है.

लिवरपूल के लिए बदलाव का दौर

FSG के नेतृत्व में लिवरपूल ने पिछले डेढ़ दशक में इंग्लिश फुटबॉल में बड़ी सफलता हासिल की है. टीम ने 2020 में प्रीमियर लीग का खिताब जीतकर 30 साल का इंतजार खत्म किया था. इसके बाद 2024-25 सीज़न में क्लब ने एक और लीग खिताब अपने नाम किया. हालांकि, अब टीम बदलाव के दौर में है. मैनेजर आर्ने स्लॉट और स्टार खिलाड़ी मोहम्मद सालाह के जाने के बाद क्लब को नए दौर की तैयारी करनी पड़ रही है. इसी बीच माइकल एडवर्ड्स ने भी जुलाई में FSG के फुटबॉल चीफ एग्जीक्यूटिव का पद छोड़ दिया. अगर डील पूरी होती है, तो बेजोस और सेवरिन लिवरपूल की ओनरशिप में नए नाम होंगे. वहीं भाटिया निवेश समूह की अगुवाई करेंगे और FSG क्लब का नियंत्रण बनाए रखेगा.