menu-icon
India Daily

'Legend', टी. दिलीप के लिए रोहित शर्मा का खास संदेश वायरल

भारतीय टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी. दिलीप के विदाई संदेश पर रोहित शर्मा ने भावुक प्रतिक्रिया दी. उन्होंने दिलीप को टीम का असली हीरो बताते हुए उनके योगदान की तारीफ की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
'Legend', टी. दिलीप के लिए रोहित शर्मा का खास संदेश वायरल
Courtesy: X

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी. दिलीप के विदाई संदेश ने खिलाड़ियों और फैंस को भावुक कर दिया. पांच साल तक टीम के साथ काम करने वाले दिलीप के लिए रोहित शर्मा ने खास संदेश लिखा और उनके योगदान को भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद अहम बताया.

रोहित शर्मा ने टी. दिलीप की खुलकर तारीफ की

भारतीय टीम के साथ अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद टी. दिलीप ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की. इसके कुछ ही समय बाद पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनके साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें 'LEGEND' बताया. रोहित ने लिखा कि दिलीप ने टीम के अंदर ऐसा माहौल बनाया, जिसने खिलाड़ियों को एकजुट रखा. उन्होंने यह भी कहा कि फील्डिंग कोच के तौर पर दिलीप ने हमेशा पर्दे के पीछे रहकर मेहनत की और टीम की सफलता में बड़ी भूमिका निभाई. रोहित ने उनके नए सफर के लिए शुभकामनाएं भी दीं.

पांच साल तक टीम इंडिया का अहम हिस्सा रहे दिलीप

टी. दिलीप पहली बार नवंबर 2021 में भारतीय टीम के फील्डिंग कोच बने थे. इसके बाद उन्होंने कई बड़े टूर्नामेंट में टीम के साथ काम किया. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 तक वह सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रहे. इसके बाद उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए एक साल के कॉन्ट्रैक्ट पर दोबारा मौका मिला लेकिन अनुबंध खत्म होने के बाद उन्हें आगे नहीं रखा गया. अब शुभदीप घोष भारतीय टीम के नए फील्डिंग कोच होंगे और श्रीलंका दौरे से अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे. दिलीप ने अपने विदाई संदेश में बीसीसीआई, राहुल द्रविड़, गौतम गंभीर और सभी कप्तानों का धन्यवाद किया.

फील्डिंग मेडल और यादगार उपलब्धियों को किया याद

अपने विदाई संदेश में टी. दिलीप ने फील्डिंग मेडल की शुरुआत को अपने करियर की सबसे खास यादों में से एक बताया. उन्होंने कहा कि इस पहल ने खिलाड़ियों के बीच नई ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा पैदा की। यह परंपरा 2023 वनडे विश्व कप के दौरान भी काफी चर्चा में रही थी. दिलीप ने अपने कार्यकाल में भारत की दो टी20 विश्व कप जीत, एक चैंपियंस ट्रॉफी, दो एशिया कप खिताब और वनडे विश्व कप व विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में उपविजेता रहने जैसी उपलब्धियों को भी याद किया. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के साथ बिताया हर पल उनके जीवन का सबसे यादगार अनुभव रहेगा.