कुरनूल: रविवार की शाम आरसीबी के लिए ऐतिहासिक शाम रही है, क्योंकि इस दिन किंग विराट कोहली की आरसीबी ने प्रिंस शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से मात देकर अपने खिताब का बचाव किया. RCB की इस जीत ने करोड़ों प्रशंसकों को खुशी से झूमने का मौका दिया. लेकिन कई बार आपका जश्न किसी दूसरे की परेशानी बन सकता है, ऐसा ही कुछ हुआ आंध्र प्रदेश में. जब RCB के करोड़ो प्रशंसक अपनी पसंदीदा टीम के जीतने के बाद सड़कों पर जश्न मनाते दिखे.
लेकिन इस जश्न के दौरान रविवार देर रात आंध्र प्रदेश के कुरनूल में अशांति फैल गई, क्योंकि जश्न बेकाबू हो गया और तोड़फोड़ व सार्वजनिक अव्यवस्था की घटनाएं हुईं. मैच खत्म होते ही सैकड़ों एक्साइटेड प्रशंसक टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए झंडे और बैनर लेकर सड़कों पर जमा हो गए, जिसके चलते स्थानीय प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा.
मैच खत्म होते ही आंध्र प्रदेश में बड़ी संख्या में RCB फैंस झंडे और बैनर लेकर शहर की सड़कों पर निकल पड़े. शुरुआत में माहौल पूरी तरह उत्सवमय था, लेकिन राजू विहार सेंटर के आसपास भीड़ बढ़ने लगी जिसके बाद स्थिति बिगड़ा शुरु हुई. कुछ लोगों ने सड़क पर कब्जा कर यातायात बाधित कर दिया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब भीड़ के एक हिस्से ने सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस को निशाना बनाया और बेवजह ही उसे नुकसान पहुंचाना शुरु कर दिया. उपद्रवियों ने बस पर पत्थरबाजी की और उसकी खिड़कियां तोड़ दीं. अचानक हुई इस घटना से बस में मौजूद यात्री घबरा गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर कर दिया. अधिकारियों को स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लाने और इलाके में सामान्य स्थिति बहाल करने में लगभग एक घंटा लग गया. साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जीत का जश्न मनाने की पूरी स्वतंत्रता है, लेकिन कानून व्यवस्था भंग करने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
कुरनूल के सर्किल इंस्पेक्टर ने पुष्टि की है कि बस में तोड़फोड़ करने वालों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की जाएगी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.