नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक आज अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं. क्रिकेट के इस दिग्गज को क्रिकेट के मैदान पर कई उतार-चढ़ाव से गुजरना पड़ा, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने कभी हार नहीं मानी. अपनी मेहनत और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय क्रिकेट में एक खास पहचान बनाई.
दिनेश कार्तिक की कहानी उन खिलाड़ियों में गिनी जाती है जिन्होंने मुश्किल समय में भी खुद पर भरोसा बनाए रखा और बार-बार वापसी की. हालांकि दिनेश में अब क्रिकेट से संन्यास जरूर ले लिया है लेकिन वह अभी भी क्रिकेट से अछूते नहीं हैं. वह भले ही अब मैदान पर खेलते नजर नहीं आते हैं लेकिन कोचिंग और कमेंट्री के क्षेत्र में सक्रिय हैं.
दिनेश कार्तिक का जन्म 1 जून 1985 को चेन्नई में हुआ था. उन्होंने कम उम्र में ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था. साल 2004 में उन्हें भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका मिला. उस समय भारतीय टीम में जगह बनाना आसान नहीं था, लेकिन कार्तिक ने अपने शानदार विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी कौशल से सभी का ध्यान खींचा.
अपने करियर के दौरान उन्होंने भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 तीनों प्रारूपों में क्रिकेट खेला. कई बार उन्हें टीम से बाहर भी होना पड़ा, लेकिन उन्होंने हर बार घरेलू क्रिकेट और IPL में अच्छा प्रदर्शन करके वापसी की. साल 2018 में निदाहास ट्रॉफी के फाइनल में खेली गई उनकी यादगार पारी आज भी क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में है. उस मैच में उन्होंने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को रोमांचक जीत दिलाई थी.
दिनेश कार्तिक का IPL करियर काफी सफल रहा है. उन्होंने कई फ्रेंचाइजी टीमों का हिस्सा रहते हुए महत्वपूर्ण पारियां खेलीं. हालांकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के साथ उनका योगदान विशेष रूप से याद किया जाता है.
साल 2022 में RCB से जुड़ने के बाद कार्तिक ने फिनिशर की भूमिका शानदार तरीके से निभाई. उन्होंने कई मैचों में आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर टीम को जीत दिलाई. उनके अनुभव और शांत स्वभाव ने युवा खिलाड़ियों को भी काफी मदद दी. मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह उनका योगदान टीम के लिए महत्वपूर्ण रहा.
बता दें दिनेश ने अपने 39वें बर्थडे यानी 1 जून 2024 को क्रिकेट के सभी प्रारूप से संन्यास का ऐलान कर दिया था लेकिन उसके बाद भी वह आरसीबी से जुड़े हुए हैं. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दिनेश कार्तिक आरसीबी के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा हैं. साथ उन्होंने कमेंट्री की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाई.
अब अगर दिनेश कार्तिक के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने अपने करियर में कुल 26 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 1025 रन बनाए हैं, इसके अलावा उन्होंने वनडे में 94 मैच खेले हैं जिनमें उनके बल्ले से 1752 रन आए हैं. इतना ही नहीं कार्तिक ने 60 T20I मैच भी खेले हैं जिनमें 686 रन बनाए हैं.