Commonwealth games 2026 में भारतीय लॉन बॉल्स टीम को रविवार को लगातार दो बड़े झटके लगे. पुरुष सिंगल्स में पुतुल सोनोवाल सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गए. वहीं महिला पेयर्स में पिंकी सिंह और रूपा रानी टिर्की की जोड़ी इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में हार गई.
भारत के पुतुल सोनोवाल के लिए रविवार का दिन निराशाजनक रहा. ग्रुप डी के अपने दूसरे आखिरी मुकाबले में उन्हें माल्टा के शॉन जेम्स पार्निस के खिलाफ 0.5-1.5 से हार का सामना करना पड़ा. पहले सेट में माल्टा के खिलाड़ी ने शुरुआत से दबाव बनाया और 10-4 से जीत दर्ज की. दूसरे सेट में पुतुल ने शानदार वापसी करते हुए 0-4 से पीछे रहने के बाद मुकाबला 7-7 से बराबर कर दिया. सेट ड्रॉ रहने और पहले सेट में हार मिलने के कारण उन्हें कुल मुकाबला गंवाना पड़ा. इस हार के बाद उनका सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया. अब उनका आखिरी ग्रुप मैच केन्या के अनवर हमादा से होगा लेकिन इसका नॉकआउट दौर पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
भारत की पिंकी सिंह और रूपा रानी टिर्की की जोड़ी भी सेमीफ़ाइनल में जगह नहीं बना सकी. ग्रुप बी के आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड की एमी फिरौन और सियान होनर के खिलाफ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा. भारतीय जोड़ी ने पहला सेट 4-3 से जीतकर शानदार शुरुआत की. हालांकि दूसरे सेट में इंग्लैंड ने 10-3 से जीत दर्ज कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया. इसके बाद टाई-ब्रेक में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. आखिरी बाउल पर इंग्लैंड की कप्तान सियान होनर ने बेहतरीन शॉट खेलते हुए भारत का सबसे नजदीकी बाउल हटाया और अपनी टीम को जीत दिला दी. इस हार के साथ भारत की महिला पेयर्स टीम का सफर भी समाप्त हो गया.
महिला पेयर्स टीम ने ग्रुप चरण में पांच मैच खेले, जिनमें तीन मुकाबले जीते और नौ अंक हासिल किए. इसके बावजूद इंग्लैंड और नामीबिया उनसे आगे रहे और भारतीय जोड़ी तीसरे स्थान पर रही. इससे पहले दिन में नामीबिया के खिलाफ भी भारत को टाई-ब्रेक में हार झेलनी पड़ी थी. पहले सेट में हारने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरा सेट शानदार अंदाज में 10-1 से जीता था लेकिन निर्णायक शूटआउट में बाजी नहीं पलट सके. पुरुष और महिला दोनों वर्गों में मिली इन हारों से भारत की लॉन बॉल्स टीम की पदक उम्मीदों को बड़ा झटका लगा.