राष्ट्रमंडल खेल 2026 की मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार शुरुआत जारी रखी है. ग्लासगो में खेले गए मुकाबलों में जदुमणि सिंह और प्रीति पवार ने अपने-अपने वर्ग में प्रभावशाली जीत दर्ज कर अंतिम आठ में जगह बनाई. दोनों मुक्केबाजों ने शानदार तकनीक और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया. कॉमनवेल्थ गेम्स में जदुमणि सिंह ने कमाल कर दिया. उन्होंने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात देकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है.
पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग के राउंड ऑफ 16 में जदुमणि सिंह ने पाकिस्तान के सुमामा रहमान को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से मात दी. शुरुआती राउंड कड़ा रहा, लेकिन दूसरे दौर से भारतीय मुक्केबाज ने मुकाबले पर पूरी पकड़ बना ली. तेज फुटवर्क और सटीक मुक्कों की बदौलत उन्होंने लगातार दबाव बनाया और शानदार जीत दर्ज की.
India's Jadumani Singh after defeating Pakistan's Sumama Rehman in Boxing
— p. (@_Real_PR) July 27, 2026
"I dedicate my win to kargil Hero, I felt better to win over Pakistan"
pic.twitter.com/QlGHi5sWq3
जदुमणि सिंह ने पूरे मुकाबले में संयम बनाए रखा और अंतिम राउंड में भी बढ़त नहीं गंवाई. उनकी इस जीत के साथ अब क्वार्टर फाइनल में जाम्बिया के म्वेंगो मवाले से मुकाबला तय हो गया है. भारतीय टीम को उनसे अगले दौर में भी मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है.
महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति पवार ने मलावी की डेबोरा मतेनजे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया. पहले ही राउंड में उन्होंने प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बना दिया. दूसरे दौर में लगातार प्रभावी मुक्कों के बाद रेफरी ने मुकाबला रोक दिया और प्रीति को आरएससी के आधार पर विजेता घोषित किया. अब उनका सामना उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लाइड से होगा.
इसके साथ ही पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में आदित्य यादव को युगांडा के नूहू बाटे के खिलाफ करीबी मुकाबले में 3-2 से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ वह टूर्नामेंट से बाहर होने वाले पहले भारतीय मुक्केबाज बन गए. मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन फैसला प्रतिद्वंद्वी के पक्ष में गया.