पंजाब सरकार की विभिन्न जनकल्याण योजनाओं को लेकर नए आंकड़े सामने आए हैं. सरकार का कहना है कि शुरुआत में जिन योजनाओं पर सवाल उठाए गए थे, अब उनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं. आम आदमी पार्टी के मीडिया सलाहकार बलतेज पन्नू ने प्रेस वार्ता में दावा किया कि महिलाओं, किसानों और आम परिवारों के लिए शुरू की गई योजनाओं को व्यापक समर्थन मिल रहा है. उन्होंने इन योजनाओं से जुड़े आंकड़ों के साथ विपक्ष के आरोपों का भी जवाब दिया.
बलतेज पन्नू ने बताया कि मां-धीयां सत्कार योजना के तहत अब तक 72 लाख 56 हजार 686 महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है. उन्होंने कहा कि शुरुआत में विपक्ष ने इस योजना की सफलता पर सवाल उठाए थे, लेकिन बड़ी संख्या में हुए पंजीकरण से लोगों का भरोसा साफ दिखाई देता है. सरकार ने पात्र महिलाओं को सभी किस्तें देने का भरोसा भी दोहराया.
योजना के पंजीकरण में पटियाला जिला पहले स्थान पर रहा, जहां 5 लाख 50 हजार 53 महिलाओं ने नाम दर्ज कराया. अमृतसर 5 लाख 39 हजार 285 पंजीकरण के साथ दूसरे और जालंधर 5 लाख 9 हजार 707 पंजीकरण के साथ तीसरे स्थान पर रहा. सरकार का कहना है कि देर से आवेदन करने वाली पात्र महिलाओं को भी निर्धारित राशि मिलेगी.
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है. सरकार के अनुसार अब तक 50 लाख से अधिक परिवारों के स्वास्थ्य कार्ड बनाए जा चुके हैं. वहीं पांच लाख से ज्यादा लोग इस योजना के तहत इलाज करा चुके हैं और उपचार पर 917 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं.
सरकार ने बताया कि सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी स्वास्थ्य योजना का लाभ मिल रहा है. स्वास्थ्य कार्ड बनाने में लुधियाना पहले, पटियाला दूसरे और जालंधर तीसरे स्थान पर है. पन्नू ने कहा कि योजना को लेकर फैलाई गई अफवाहें गलत साबित हुई हैं और लाभार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
सरकार ने दावा किया कि 600 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के कारण करीब 90 प्रतिशत घरों का बिजली बिल शून्य आ रहा है. किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने और नहरी पानी की पहुंच बढ़ाने का भी प्रयास किया जा रहा है. सरकार का कहना है कि आने वाले समय में इन योजनाओं से जुड़े और विस्तृत आंकड़े भी सार्वजनिक किए जाएंगे.