menu-icon
India Daily

बटाला अस्पताल पर गोलियां बरसाने वाला मुख्य शूटर गिरफ्तार, विदेश में बैठे गैंगस्टरों का निकला बड़ा कनेक्शन!

बटाला के निजी अस्पताल पर जून में हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य शूटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि वारदात विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर की गई थी.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
बटाला अस्पताल पर गोलियां बरसाने वाला मुख्य शूटर गिरफ्तार, विदेश में बैठे गैंगस्टरों का निकला बड़ा कनेक्शन!
Courtesy: social media

पंजाब के बटाला में निजी अस्पताल पर हुई फायरिंग की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है. करीब डेढ़ महीने की जांच के बाद मुख्य शूटर सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने डॉक्टर से फिरौती की मांग के बाद इस वारदात को अंजाम दिया था.

मुख्य शूटर सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

बटाला पुलिस के अनुसार 9 जून को उजागर नगर कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल के मुख्य गेट पर दो बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. मुख्य आरोपी की पहचान अमृतसर निवासी अरमान के रूप में हुई है, जिसे वारदात का मुख्य शूटर बताया जा रहा है. पुलिस उसे घटनास्थल पर भी लेकर गई, जहां उससे पूरी घटना की शिनाख्त करवाई गई और पूछताछ की गई.

विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर हुई वारदात

थाना सिविल लाइन बटाला के प्रभारी गुरमीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि अस्पताल के डॉक्टर से कथित तौर पर फिरौती मांगी गई थी. मांग पूरी नहीं होने पर अस्पताल को निशाना बनाया गया. पुलिस के अनुसार पूरी साजिश विदेश में बैठे गैंगस्टरों के निर्देश पर रची गई थी. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या रही और वारदात की योजना कैसे बनाई गई.

भागने की कोशिश में घायल हुआ आरोपी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन वह गिर पड़ा और उसके पैर में चोट लग गई. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. वहीं अस्पताल संचालक डॉ. गुरमीत सिंह छीना ने कहा कि घटना के बाद स्टाफ, मरीजों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल था. आरोपियों की गिरफ्तारी से लोगों में राहत की भावना है और उन्हें उम्मीद है कि मामले में दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी.