menu-icon
India Daily

IND VS AFG TEST: डेब्यू टेस्ट में ही चमके मानव सुथार, अफगानिस्तान के खिलाफ रचा इतिहास, अश्चिन ने भी की तारीफ

भारत के युवा स्पिनर मानव सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. 

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
IND VS AFG TEST: डेब्यू टेस्ट में ही चमके मानव सुथार, अफगानिस्तान के खिलाफ रचा इतिहास, अश्चिन ने भी की तारीफ
Courtesy: X

मुल्लांपुर टेस्ट का दूसरा दिन भारत के लिए कई मायनों में खास रहा. एक तरफ टीम इंडिया ने अफगानिस्तान पर दबाव बनाए रखा. वहीं दूसरी ओर टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया. युवा गेंदबाज ने मुश्किल पिच का पूरा फायदा उठाते हुए अहम विकेट झटके और भारतीय टीम की पकड़ मजबूत कर दी.

डेब्यू मैच में मानव का शानदार प्रदर्शन

अफगानिस्तान की पहली पारी के दौरान मानव सुथार ने बेहतरीन गेंदबाजी की. उन्होंने अपने शुरुआती स्पेल से ही बल्लेबाजों को परेशान करना शुरू कर दिया. अपने पहले ओवर की चौथी ही गेंद पर विकेट लेने के बाद वह सातवें आसमान पर पहुंच गए. पिच से मिल रही टर्न और उछाल का उन्होंने शानदार उपयोग किया. दिन का खेल समाप्त होने तक मानव ने तीन विकेट लेकर अफगानिस्तान की बल्लेबाजी का पूरी तरह नाश कर दिया. 

परिवार नहीं देख पाया यादगार स्पेल

मानव के टेस्ट डेब्यू को देखने के लिए उनके पिता जगदीश सुथार, मां और छोटी बहन मुल्लांपुर पहुंचे थे. पहले दिन उन्होंने बेटे को भारतीय टेस्ट टीम की कैप लेते हुए देखा. यह पल परिवार के लिए बेहद भावुक था. दूसरे दिन की शुरुआत से पहले वे घर लौट गए. परिवार को लगा कि स्टेडियम में बैठकर मैच देखने से उनकी घबराहट बढ़ रही है. इसी वजह से उन्होंने टीवी और फोन के जरिए मैच को देखा. बाद में जब मानव ने विकेटों की झड़ी लगाई तो परिवार को खुशी के साथ थोड़ा अफसोस भी हुआ कि वे यह नजारा सामने से नहीं देख सके.

सफलता का श्रेय

मानव के पिता ने बेटे की उपलब्धि का पूरा श्रेय उसकी मेहनत और बचपन के कोच धीरज शर्मा को दिया. मानव ने बचपन से ही क्रिकेट को लेकर गंभीरता दिखाई और लंबे समय तक लगातार अभ्यास किया. सुबह से शाम तक मैदान पर समय बिताना उसकी दिनचर्या का हिस्सा था. परिवार ने हमेशा उसका साथ दिया.

अश्विन हैं सबसे बड़े प्रेरणास्रोत

परिवार के मुताबिक मानव घर पर क्रिकेट की ज्यादा चर्चा नहीं करता. वह शांत स्वभाव का खिलाड़ी है और अपना अधिक समय खेल को बेहतर बनाने में लगाता है. भारतीय स्पिन दिग्गज रविचंद्रन अश्विन उसके पसंदीदा खिलाड़ियों में शामिल हैं. अश्विन ने भी सोशल मीडिया पर उनकी खूब तारीफ की.