menu-icon
India Daily

फीफा वर्ल्ड कप में पहली बार लागू होंगे ये बड़े नियम, बदल जाएगा मैच का पूरा रोमांच

FIFA World Cup 2026 में पहली बार हर मैच में चार ब्रेक देखने को मिलेंगे. खिलाड़ियों की सुरक्षा, गर्म मौसम और बेहतर रणनीति के लिए यह बदलाव किया गया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
फीफा वर्ल्ड कप में पहली बार लागू होंगे ये बड़े नियम, बदल जाएगा मैच का पूरा रोमांच
Courtesy: X

FIFA World Cup 2026 कई मायनों में इतिहास रचने जा रहा है. अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे. चर्चा सिर्फ टीमों की संख्या को लेकर नहीं है. इस बार FIFA ने मैच संचालन से जुड़े कुछ बड़े बदलाव किए हैं, जिनका असर खिलाड़ियों, कोचों, दर्शकों और ब्रॉडकास्टर्स सभी पर पड़ेगा.

खिलाड़ियों की फिटनेस के लिए बड़ा फैसला

FIFA ने इस बार खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हर मुकाबले में दो अनिवार्य ड्रिंक्स ब्रेक लागू करने का फैसला किया है. पहला ब्रेक लगभग 22वें मिनट और दूसरा करीब 67वें मिनट पर होगा. पहले यह फैसला मौसम की स्थिति के आधार पर लिया जाता था लेकिन अब यह हर मैच में लागू रहेगा. अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में जून-जुलाई की गर्मी को देखते हुए खिलाड़ियों को नियमित अंतराल पर आराम और पानी पीने का मौका देने की योजना बनाई गई है.

फुटबॉल में दिखेगा हॉकी जैसा अंदाज

नए नियम के बाद मैच का प्रवाह कुछ हद तक हॉकी जैसा दिखाई देगा. दो 45 मिनट के हाफ के बीच अब छोटे-छोटे रणनीतिक ब्रेक भी होंगे. हर ब्रेक करीब तीन मिनट का रहेगा. यह समय कोचों के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है. वे खिलाड़ियों को नई योजनाएं समझा सकेंगे, डिफेंस और अटैक में बदलाव कर सकेंगे और मैच के हालात के अनुसार रणनीति बना सकेंगे.

ब्रॉडकास्टर्स को भी मिलेगा फायदा

नए ब्रेक का फायदा सिर्फ टीमों को ही नहीं बल्कि टीवी ब्रॉडकास्टर्स को भी मिलेगा. FIFA ने इन अंतरालों के दौरान विज्ञापन दिखाने की अनुमति दी है. हालांकि, इसके लिए समय और प्रस्तुति को लेकर स्पष्ट नियम बनाए गए हैं. मैच कवरेज प्रभावित न हो, इसके लिए विज्ञापन और लाइव प्रसारण के बीच संतुलन रखा जाएगा. इससे टूर्नामेंट की कमाई बढ़ने की संभावना है और प्रसारण साझेदारों को भी अतिरिक्त अवसर मिलेंगे.

फाइनल में मिलेगा नया मनोरंजन अनुभव

वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल सिर्फ फुटबॉल तक सीमित नहीं रहेगा. न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में होने वाले खिताबी मुकाबले के दौरान सुपर बाउल की तर्ज पर खास हाफटाइम शो आयोजित किया जाएगा. रिपोर्ट्स के अनुसार, सामान्य 15 मिनट के बजाय हाफटाइम लगभग 30 मिनट तक बढ़ सकता है. इससे फाइनल एक बड़े खेल आयोजन के साथ-साथ वैश्विक मनोरंजन कार्यक्रम का रूप भी ले लेगा. पूरे टूर्नामेंट में 104 मैचों के दौरान नए ब्रेक जोड़ने से करीब 624 अतिरिक्त मिनट जुड़ेंगे, जो लगभग सात पूरे मैचों के बराबर समय है.