menu-icon
India Daily

सिर्फ 1 किलो से छूटा गोल्ड... लवप्रीत सिंह ने CWG 2026 में जीता सिल्वर; कीवी वेटलिफ्टर ने तोड़ा सपना

Commonwealth games 2026 में भारतीय वेटलिफ्टर लवप्रीत सिंह ने पुरुषों के 110+ किग्रा वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
सिर्फ 1 किलो से छूटा गोल्ड... लवप्रीत सिंह ने CWG 2026 में जीता सिल्वर; कीवी वेटलिफ्टर ने तोड़ा सपना
Courtesy: X

Glasgow में चल रहे Commonwealth games 2026 में भारत के लवप्रीत सिंह ने शानदार खेल दिखाते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया. उन्होंने आखिरी कोशिश तक गोल्ड के लिए मुकाबला किया लेकिन न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रयू लिटी ने अंतिम लिफ्ट में बाजी पलट दी. इसके साथ भारत के खाते में वेटलिफ्टिंग का नौवां पदक जुड़ गया.

सिर्फ एक किलो से छूटा गोल्ड मेडल

पुरुषों के 110+ किलोग्राम वर्ग का फाइनल आखिरी लिफ्ट तक रोमांच से भरा रहा. भारतीय खिलाड़ी लवप्रीत सिंह ने स्नैच में शानदार शुरुआत करते हुए 176 किलोग्राम वजन उठाया और न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रयू लिटी पर 10 किलो की बढ़त बना ली. इसके बाद क्लीन एंड जर्क में लवप्रीत ने 212 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 388 किलोग्राम का स्कोर बनाया. ऐसा लग रहा था कि गोल्ड भारत के खाते में जाएगा लेकिन डेविड लिटी ने अपने आखिरी प्रयास में 223 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 389 किलोग्राम के साथ पहला स्थान हासिल कर लिया. इस तरह लवप्रीत सिर्फ एक किलो के अंतर से गोल्ड से चूक गए और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा.

भविष्य पर पूरा भरोसा

मुकाबले के बाद लवप्रीत सिंह ने कहा कि गोल्ड से सिर्फ एक किलो दूर रह जाना हमेशा याद रहेगा. उन्होंने बताया कि अगर उनका तीसरा क्लीन एंड जर्क प्रयास सफल हो जाता तो नतीजा अलग हो सकता था. उन्होंने कहा कि ट्रेनिंग के दौरान वह इससे ज्यादा वजन उठा चुके हैं लेकिन प्रतियोगिता के दिन वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए. लवप्रीत ने अपने मेडल को कोच विजय शर्मा, भारतीय भारोत्तोलन महासंघ, भारत सरकार और भारतीय नौसेना के कैप्टन विजय कुमार को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि इन सभी के सहयोग और भरोसे की वजह से वह इस स्तर तक पहुंच सके हैं. अब उनका पूरा ध्यान अगले बड़े लक्ष्य Asian Games पर रहेगा.

मार्टिना देवी ने भी दिखाई मजबूत चुनौती

महिलाओं के +96 किलोग्राम वर्ग में भारत की युवा वेटलिफ्टर मार्टिना देवी पदक नहीं जीत सकीं लेकिन उन्होंने आखिरी तक संघर्ष किया. शुरुआती दो स्नैच प्रयासों में असफल रहने के बाद उन्होंने तीसरे प्रयास में 105 किलोग्राम वजन उठाकर शानदार वापसी की. क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 140 किलोग्राम वजन उठाया और कुल 245 किलोग्राम के साथ पांचवें स्थान पर रहीं. उनका कुल वजन चौथे स्थान की खिलाड़ी के बराबर था लेकिन काउंटबैक नियम के कारण उन्हें पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा. 144 और 146 किलोग्राम के उनके अगले प्रयास सफल नहीं हो सके.