menu-icon
India Daily

KKR VS DC: अपने ही किले में बुरी तरह पिटी KKR, दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी मैच में 40 रनों से चटाई धूल

दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 के आखिरी लीग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हराया. केएल राहुल और अक्षर पटेल की शानदार बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली ने जीत के साथ सीजन खत्म किया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
KKR VS DC: अपने ही किले में बुरी तरह पिटी KKR, दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी मैच में 40 रनों से चटाई धूल
Courtesy: X

आईपीएल 2026 के लीग चरण का आखिरी मुकाबला ईडन गार्डन्स में खेला गया. दिल्ली कैपिटल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर अपना अभियान जीत के साथ समाप्त किया. मैच भले ही प्लेऑफ की तस्वीर नहीं बदल सका लेकिन दोनों टीमों ने फैंस को शानदार क्रिकेट देखने का मौका दिया. दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मजबूत स्कोर खड़ा किया और फिर गेंदबाजों के दम पर कोलकाता को लक्ष्य से काफी दूर रोक दिया. कप्तान अक्षर पटेल और केएल राहुल इस जीत के बड़े हीरो रहे.

राहुल और अक्षर ने संभाली दिल्ली की पारी

दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करते हुए तेज शुरुआत की. अभिषेक पोरेल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए मजबूत साझेदारी की और टीम को शुरुआती झटकों से बचाया. पोरेल ने तेज 22 रन बनाए, जबकि साहिल पारख ने भी तेजी से रन जोड़कर रनगति को बनाए रखा. इसके बाद केएल राहुल ने अपनी क्लास दिखाई और सिर्फ 30 गेंदों में 60 रन ठोक दिए. कप्तान अक्षर पटेल ने भी जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए 39 रन बनाए. आखिरी ओवरों में डेविड मिलर की तेज पारी ने दिल्ली को 200 के पार पहुंचा दिया.

कोलकाता की अच्छी शुरुआत

205 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने शुरुआत तो आक्रामक अंदाज में की लेकिन टीम बड़ी साझेदारियां नहीं बना सकी. फिन एलन ने तेज 20 रन बनाए और मनीष पांडे ने 25 रनों की उपयोगी पारी खेली. कप्तान अजिंक्य रहाणे अकेले अंत तक लड़ते नजर आए. उन्होंने 39 गेंदों में 63 रन बनाकर मैच को बचाने की कोशिश की लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला. रिंकू सिंह और कैमरन ग्रीन जैसे बल्लेबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके.

गेंदबाजों ने दिल्ली को दिलाई मजबूत जीत

दिल्ली के गेंदबाजों ने पूरे मैच में अनुशासित प्रदर्शन किया. मिशेल स्टार्क और लुंगी एनगिडी ने नई गेंद से दबाव बनाया, जबकि बीच के ओवरों में स्पिनरों ने रन गति पर रोक लगा दी. कोलकाता के बल्लेबाज बड़े शॉट लगाने की कोशिश में लगातार विकेट गंवाते रहे. दिल्ली की फील्डिंग भी शानदार रही और टीम ने छोटे-छोटे मौकों को भुनाया. दूसरी तरफ कोलकाता के गेंदबाजों में सौरभ दुबे जरूर प्रभाव छोड़ने में सफल रहे, जिन्होंने दो विकेट हासिल किए.

Topics