क्रिकेट जगत की नई सनसनी वैभव सूर्यवंशी इन दिनों हर तरफ छाए हुए हैं. महज 15 साल की उम्र में उन्होंने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से फैंस और बड़े-बड़े दिग्गजों को दीवाना बना लिया है. उनकी धाकड़ हिटिंग और गजब के कॉन्फीडेंस की तारीफ न सिर्फ क्रिकेट के लीजेंड्स कर रहे हैं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेलिब्रिटी भी उनके मुरीद हो गए हैं. हाल ही में WWE के सुपरस्टार ड्रू मैकिन्टायर ने राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद के बड़े एलिमिनेटर मुकाबले से पहले वैभव की जर्सी पहनकर उनका हौसला बढ़ाया है.
ड्रू मैकिन्टायर क्रिकेट के बड़े शौकीन माने जाते हैं और वे अक्सर सोशल मीडिया पर टीम इंडिया का सपोर्ट करते दिखते हैं. 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के दौरान उन्होंने भारतीय टीम की जर्सी पहनकर वीडियो पोस्ट किया था. इसके बाद आईपीएल 2026 में वे जसप्रीत बुमराह की जर्सी में नजर आए थे. अब एक बार फिर इस रेसलर ने जिम में वर्कआउट के दौरान वैभव सूर्यवंशी की जर्सी पहनकर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. वायरल वीडियो में वे राजस्थान रॉयल्स की जर्सी पहने कसरत करते दिख रहे हैं जिसके पीछे वैभव का नाम लिखा है.
वैभव को राजस्थान रॉयल्स ने तब खरीदा था जब वे सिर्फ 13 साल के थे. इसके बाद वह 14 साल की उम्र में आईपीएल डेब्यू करने वाले इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बने. उन्होंने अपने पहले ही सीजन में महज 35 गेंदों पर शतक ठोककर इतिहास रच दिया जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज आईपीएल शतक है.
आज मुल्लांपुर स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एलिमिनेटर मैच हो रहा है. इस मैच को जीतने वाली टीम क्वालिफायर 2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी जबकि हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. इस सीजन में हैदराबाद ने राजस्थान को दो बार हराया है लेकिन दिलचस्प बात यह है कि वैभव ने अपना इकलौता शतक हैदराबाद के खिलाफ ही जड़ा था.
यहां देखें वीडियो
WWE Superstar Drew McIntyre wearing Vaibhav Sooryavanshi’s RR jersey. 🔥❤️ pic.twitter.com/YIr4o7g23X
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) May 27, 2026
वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन के 14 लीग मैचों में एक शतक और तीन अर्धशतकों की मदद से कुल 583 रन बनाए हैं. वह एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन चुके हैं और अब वे साल 2012 में बनाए गए क्रिस गेल के 59 छक्कों के ऑल-टाइम रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब हैं.