menu-icon
India Daily

SAFF कप में भारतीय महिला टीम का दबदबा, बांग्लादेश को 3-1 से हराकर बनीं चैंपियन, पीएम मोदी ने की जमकर तारीफ

भारत ने SAFF महिला चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में बांग्लादेश को 3-1 से हराकर सात साल बाद खिताब जीता.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
SAFF कप में भारतीय महिला टीम का दबदबा, बांग्लादेश को 3-1 से हराकर बनीं चैंपियन, पीएम मोदी ने की जमकर तारीफ
Courtesy: X

दक्षिण एशियाई महिला फुटबॉल में भारत ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित कर दिया है. SAFF महिला चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में बांग्लादेश को 3-1 से हराकर भारतीय टीम ने सात साल बाद ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. पिछले दो टूर्नामेंट में खिताब से दूर रहने वाली टीम ने इस बार पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया.

भारत ने शुरू से बनाया दबदबा

फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा. मनीषा कल्याण को पहली बार शुरुआती प्लेइंग 11 में जगह मिली. उनके आने से आक्रमण को मजबूती मिली. सैनफिडा नोंग्रम और अस्तम ओराओन ने शुरुआती मिनटों में कई मौके बनाए. हालांकि, बांग्लादेश ने भी जवाबी हमलों के जरिए खतरा पैदा किया.

प्यारी ने दिलाई बढ़त

42वें मिनट में प्यारी जाक्सा ने शानदार प्रयास से भारत को बढ़त दिलाई. उनके शॉट ने डिफेंडर को छूते हुए नेट का रास्ता खोज लिया. इसके बाद बांगलादेश ने जवाब दिया. रितु पोर्ना चकमा ने बेहतरीन फिनिश करते हुए स्कोर 1-1 कर दिया. यह पूरे टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ हुआ पहला गोल भी था. बराबरी के बाद मुकाबला रोमांचक हो गया.

दूसरे हाफ में भारत ने बदला मैच का रुख

ब्रेक के बाद भारतीय टीम नए इरादों के साथ मैदान पर उतरी. प्यारी जाक्सा ने एक बार फिर अहम भूमिका निभाई और उनके पास पर सैनफिडा नोंग्रम ने शानदार हेडर लगाकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया. भारतीय मिडफील्ड ने बॉल पर पकड़ मजबूत रखी और बांग्लादेश को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.

लिंडा ने लगाई जीत पर मुहर

मुकाबले के अंतिम मिनट्स में बांग्लादेश वापसी की कोशिश करता रहा लेकिन भारतीय डिफेंस ने कोई बड़ी गलती नहीं की. 82वें मिनट में लिंडा कॉम सर्टो ने डिफेंस की चूक का फायदा उठाकर तीसरा गोल दाग दिया और भारत की जीत लगभग तय कर दी. टूर्नामेंट में भारत ने सभी मैच जीते, 18 गोल किए और केवल एक गोल खाया. अवेका सिंह टॉप स्कोरर रहीं, सैनफिडा को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर चुना गया और गोलकीपर पंथोई चानू इलांगबम को बेस्ट गोलकीपर का सम्मान मिला.