महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है. मैच से पहले एक सवाल लगातार चर्चा में बना हुआ है कि दोनों टीमों की खिलाड़ी मैदान पर एक-दूसरे से हाथ मिलाएंगी. इस पर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर से प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खिलाड़ियों के हाथ मिलाने को लेकर सवाल पूछा गया. हालांकि, उन्होंने इस विषय पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. हरमनप्रीत ने कहा कि टीम का पूरा ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर है और खिलाड़ी मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उतरे हैं. उन्होंने कहा कि क्रिकेट ही उनका लक्ष्य और सपना है, इसलिए टीम किसी अन्य मुद्दे पर ध्यान नहीं दे रही. कप्तान के इस जवाब के बाद यह साफ हो गया कि भारतीय टीम फिलहाल मैच की तैयारियों पर ही फोकस रखना चाहती है.
पिछले कुछ वर्षों में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के व्यवहार पर भी नजर रही है. कई टूर्नामेंटों में दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच सीमित बातचीत देखने को मिली है. इसी वजह से महिला टी20 वर्ल्ड कप के इस बड़े मुकाबले से पहले भी यह सवाल उठ रहा है. हालांकि मैदान पर दोनों टीमों का मुख्य उद्देश्य जीत हासिल करना होगा. भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हमेशा से खास रही है और इस मुकाबले में भी दर्शकों को जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने की उम्मीद है.
हरमनप्रीत कौर ने माना कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबलों में दबाव हमेशा अधिक रहता है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हर मैच महत्वपूर्ण होता है लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबले का माहौल अलग होता है. उन्होंने कहा कि टीम इस दबाव को बोझ की तरह नहीं चुनौती की तरह देखती है. उन्होंने भरोसा जताया कि खिलाड़ी मैदान पर अपना शत-प्रतिशत देंगे और हर पल का आनंद लेते हुए खेलेंगे.