menu-icon
India Daily

India vs Netherlands Live Streaming: कहां देखें भारत-नीदरलैंड्स T20 वर्ल्ड कप मैच की लाइव स्ट्रीमिंग, यहां जानें हेड-टू-हेड, पिच और मौसम रिपोर्ट

टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन जारी है. मेजबान भारतीय टीम ग्रुप स्टेज का अपना आखिरी मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.

Anuj
Edited By: Anuj
India vs Netherlands Live Streaming: कहां देखें भारत-नीदरलैंड्स T20 वर्ल्ड कप मैच की लाइव स्ट्रीमिंग, यहां जानें हेड-टू-हेड, पिच और मौसम रिपोर्ट
Courtesy: @ThakurArunS

नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रही भारतीय टीम अब अपने लीग चरण के आखिरी मुकाबले के लिए तैयार है. भारतीय टीम का अगला मैच 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेला जाएगा.

इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अब तक बेहतरीन फॉर्म में नजर आई है. टीम ने अपने पिछले मुकाबलों में संयुक्त राज्य अमेरिका, नामीबिया और प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर जीत की हैट्रिक लगाई है. 

भारत का पलड़ा भारी

अगर दोनों टीमों के टी20 अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड की बात करें, तो भारत और नीदरलैंड्स अब तक केवल एक बार आमने-सामने आए हैं. यह मुकाबला 27 अक्टूबर 2022 को ऑस्ट्रेलिया में खेले गए टी20 विश्व कप के दौरान सिडनी में हुआ था. उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 179 रन बनाए थे.

जवाब में नीदरलैंड्स की टीम 123 रन ही बना सकी और भारत ने 56 रन से शानदार जीत दर्ज की थी. उस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने बेहतरीन पारी खेली थी. उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए थे. एक बार फिर उनसे ऐसे ही आक्रामक प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.

वनडे फॉर्मेट में भी भारत का दबदबा

वनडे विश्व कप में भी भारत का पलड़ा नीदरलैंड्स के खिलाफ भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक तीन वनडे मुकाबले खेले गए हैं और तीनों में भारत ने जीत हासिल की है. पहला मैच 2003 में दक्षिण अफ्रीका के पार्ल में खेला गया था, जहां भारत ने 68 रन से जीत दर्ज की थी. इसके बाद 2011 विश्व कप में भारत ने चार विकेट से जीत हासिल की. वहीं, 2023 विश्व कप में भारत ने 160 रन के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम किया था. इस तरह वनडे और टी20 को मिलाकर दोनों टीमों के बीच कुल चार मुकाबले हुए हैं और चारों में भारत विजयी रहा है.

क्या मैच हाई स्कोरिंग होगा?

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच की बात करें, तो यहां काली और लाल मिट्टी की पिचें उपलब्ध हैं. लाल मिट्टी की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, जबकि काली मिट्टी की पिच पर स्पिनरों को ज्यादा फायदा मिलता है. आमतौर पर यहां बल्लेबाजों को रन बनाने में आसानी होती है, हालांकि शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है. उम्मीद है कि मैच हाई स्कोरिंग हो सकता है.

आसमान साफ रहने का अनुमान

रिपोर्ट के अनुसार, 18 फरवरी को अहमदाबाद में आसमान साफ रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रह सकता है. बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे दर्शकों को पूरा मैच देखने का मौका मिलेगा.

कहां फ्री में देख सकेंगे IND vs NED मैच?

भारत बनाम नीदरलैंड के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला टीवी पर डीडी स्पोर्ट्स पर फ्री प्रसारण देखा जा सकता है. इसके अलावा आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर भी देख सकते हैं. 

मैच की लाइव स्ट्रीम कहां होगी?

भारत और नीदरलैंड मैच जियो होटस्टॉर ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीम होगा. 

मैच कितने बजे शुरू होगा?

भारत बनाम नीदरलैंड के बीच यह मैच शाम 7 बजे शुरु होगा.

कितने बजे होगा टॉस?

दोनों देशों के बीच टॉस शाम 06:30 बजे होगा.

आप हमारी वेबसाइट theIndiadaily.com पर भी IND vs NED मैच की लाइव स्कोरकार्ड और कमेंट्री पढ़ सकते हैं. यहां आपको मैच का हर अपडेट मिलेगा.