menu-icon
India Daily

पथुम निसांका ने पकड़ा टूर्नामेंट का सबसे हैरतअंगेज कैच, वीडियो देखकर हैरान रह जाएंगे आप

मुकाबले का सबसे यादगार पल 17वें ओवर में देखने को मिला. दुषन हेमंथा की पहली गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की. बल्ले और गेंद का कनेक्शन भी काफी अच्छा हुआ, लेकिन बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े पथुम निसांका ने हवा में छलांग लगाकर शानदार कैच लपक लिया.

Anuj
Edited By: Anuj
पथुम निसांका ने पकड़ा टूर्नामेंट का सबसे हैरतअंगेज कैच, वीडियो देखकर हैरान रह जाएंगे आप

नई दिल्ली: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का 30वां मुकाबला खेला गया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 181 रन बनाए. ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाजों ने टीम को शानदार शुरूआत दिलाई. एक समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 200 के पार पहुंचने की संभावना लग रही थी. लेकिन श्रीलंका के स्पिन गेंदबाजों ने मैच का रुख बदल दिया. खासकर 10 ओवर के बाद श्रीलंकाई गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और फील्डिंग में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया.

इस मुकाबले का सबसे यादगार पल 17वें ओवर में देखने को मिला. दुषन हेमंथा की पहली गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की. बल्ले और गेंद का कनेक्शन भी काफी अच्छा हुआ, लेकिन बैकवर्ड पॉइंट पर खड़े पथुम निसांका ने हवा में छलांग लगाकर शानदार कैच लपक लिया. यह कैच इतना शानदार था कि स्टेडियम में मौजूद दर्शक भी हैरान रह गए. पथुम निसांका का ये कैच सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. 

ऑस्ट्रेलिया की धमाकेदार शुरूआत

अगर ऑस्ट्रेलिया की पारी की बात करें तो ट्रेविस हेड और कप्तान मिचेल मार्श ने टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 51 गेंदों में 104 रन जोड़े. ट्रेविस हेड ने सिर्फ 29 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे. वहीं, मिचेल मार्श ने 27 गेंदों पर 54 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के लगाए.

श्रीलंका को मिला 182 रन का लक्ष्य

हालांकि,  तेज शुरुआत के बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी लड़खड़ा गई. मध्य ओवरों में श्रीलंकाई स्पिनरों ने दबाव बनाया और कैमरून ग्रीन 3 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि टिम डेविड भी 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने 181 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया.

निसंका का तूफान, उड़ गए कंगारू

मैच के असली हीरो रहे श्रीलंकाई ओपनर पाथुम निसंका रहे. 182 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए निसंका ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. उन्होंने महज 52 गेंदों में नाबाद 100 रन ठोक डाले. अपनी इस आतिशी पारी में निसंका ने 10 करारे चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए. 

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रचा इतिहास

इस शतक के साथ ही निसंका ने इतिहास रच दिया. वह टी20 विश्व कप इतिहास में शतक लगाने के मामले में महेला जयवर्धने के बाद दूसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज बन गए हैं. इसके अलावा वह अब इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी (हाईएस्ट रन स्कोरर) भी बन गए हैं. ग्रुप स्टेज के तीन मैचों में उनके नाम अब 137 रन हो गए हैं.