menu-icon
India Daily

INDW vs PAKW T20 World Cup: एजबेस्टन में गूंजा हिंदुस्तान, टीम इंडिया ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदा, दीप्ति ने चटकाए 5 विकेट

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराकर शानदार शुरुआत की.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
INDW vs PAKW T20 World Cup: एजबेस्टन में गूंजा हिंदुस्तान, टीम इंडिया ने पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदा, दीप्ति ने चटकाए 5 विकेट
Courtesy: X

बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेले गए महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार खेल दिखाते हुए बड़ी जीत दर्ज की.

मंधाना-हरमनप्रीत ने संभाली भारतीय पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. टीम ने शुरुआती ओवरों में दो महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए. इसके बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभालते हुए शानदार साझेदारी की. दोनों खिलाड़ियों ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. मंधाना ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर 68 रन बनाए. उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. हरमनप्रीत ने भी जिम्मेदारी के साथ खेलते हुए 36 रन बनाए. आखिरी ओवरों में ऋचा घोष ने तेज रन बटोरकर टीम का स्कोर 170 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

दीप्ति शर्मा ने तोड़ी पाकिस्तान की कमर

171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी. हालांकि सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली ने कुछ संघर्ष जरूर किया और 41 रन बनाए लेकिन उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा सहयोग नहीं मिला. भारतीय स्पिन गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह जकड़ लिया. दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए और मैच की सबसे बड़ी स्टार बनकर उभरीं. श्री चरणी ने भी 3 विकेट हासिल किए. पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई और मुकाबला भारत के नाम रहा.

वर्ल्ड कप में भारत का दबदबा कायम

भारत और पाकिस्तान के बीच महिला टी20 क्रिकेट में मुकाबलों का इतिहास भी भारत के पक्ष में रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत ने 14 मुकाबले जीते हैं. वहीं महिला टी20 वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम का रिकॉर्ड शानदार रहा है. इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में आत्मविश्वास से भरी शुरुआत की है. अब टीम इंडिया का अगला मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ होगा. भारतीय टीम पहली बार महिला टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी है और इस जीत ने उसकी उम्मीदों को और मजबूत कर दिया है.