India vs Engalnd Test Team: इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक निजी कारणों से भारत के खिलाफ होने वाले टेस्ट सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने रविवार (21 जनवरी) को सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि की है. 24 वर्षीय ब्रूक अबु धाबी से वापस इंग्लैंड लौटेंगे, जहां दौरे पर आई टीम महत्वपूर्ण सीरीज की तैयारी कर रही थी.
ईसीबी ने एक बयान में कहा, "हैरी ब्रूक निजी कारणों से इंग्लैंड की टेस्ट टीम के साथ भारत दौरे से तुरंत वापस लौटने वाले हैं. वह भारत नहीं लौटेंगे." बयान में आगे कहा गया, "ब्रूक परिवार इस दौरान गोपनीयता का सम्मान करने का अनुरोध करता है. इसे देखते हुए, ईसीबी और परिवार मीडिया और जनता से विनम्रतापूर्वक अनुरोध करते हैं कि वे उनकी गोपनीयता की इच्छा का सम्मान करें और उनके निजी जीवन में दखल न दें."
ब्रूक का बाहर होना इंग्लैंड के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि भारत में 12 सालों में किसी भी विदेशी टीम ने टेस्ट सीरीज नहीं जीती है. पिछले 18 महीनों में ब्रूक इंग्लैंड के टेस्ट क्रिकेट में उभरते हुए सितारों में से एक रहे हैं. उन्होंने 12 टेस्ट मैचों में 62.16 की औसत से 1181 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक शामिल हैं. उनका स्ट्राइक रेट भी 91.76 का शानदार है.
2022 के अंत में पाकिस्तान दौरे पर ब्रूक का प्रदर्शन विशेष रूप से शानदार रहा, जहां उन्होंने 5 पारियों में 468 रन बनाए और 93.60 की औसत से प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया.
ईसीबी जल्द ही ब्रूक के विकल्प का नाम बताएगा. बेन स्टोक्स की अगुआई वाली टीम भारत दौरे के लिए रविवार को भारत पहुंचेगी और पहला टेस्ट मैच 25 जनवरी से हैदराबाद में शुरू होगा.