menu-icon
India Daily

IND vs ENG Test Series: रवींद्र जडेजा से आखिर कैसे निपटें? इंग्लिश बल्लेबाजों को केविन पीटरसन ने दिया ये खास मंत्र

IND vs ENG Test Series: इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज रहे केविन पीटरसन ने अपनी टीम के बल्लेबाजों को रवींद्र जडेजा से निपटने के लिए खास गुरु मंत्र दिया है. जानिए...

Bhoopendra Rai
Edited By: Bhoopendra Rai
IND vs ENG Test Series: रवींद्र जडेजा से आखिर कैसे निपटें? इंग्लिश बल्लेबाजों को केविन पीटरसन ने दिया ये खास मंत्र

हाइलाइट्स

  • 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में इंग्लिश बल्लेबाजों की अग्नि परीक्षा होगी.
  • इंग्लैंड के बल्लेबाजों को वर्ल्ड क्लास स्पिनर रवींद्र जडेजा और आर अश्विन से निपटना होगा.

IND vs ENG Test Series: इंग्लैंड क्रिकेट टीम 5 टेस्ट की सीरीज खेलने के लिए आज हैदराबाद पहुंचेगी. 2 दिन बाद यानी 25 जनवरी से पहला मुकाबला खेला जाना है. इस सीरीज में इंग्लिश बल्लेबाजों की अग्नि परीक्षा होगी, क्योंकि उनके सामने भआरत के वर्ल्ड क्लास स्पिनर रवींद्र जडेजा और आर अश्विन से निपटने की चुनौती होगी. इस बीच इंग्लैंड के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज केविन पीटरसन ने इंग्लिश बल्लेबाजों को स्पिनर रवींद्र जडेजा से निपटने का मंत्र दिया है. पीटरसन ने कहा 'जडेजा कोई मुरलीधरन या शेन वॉर्न नहीं हैं, अगर तकनीक सही हो आपको उनसे खतरा नहीं रहेगा.'

जडेजा से कैसे निपटें

एक इंटरव्यू में पीटरसन ने बताया कि 'मैंने जडेजा का सामना बहुत किया है. यह सिर्फ और सिर्फ आपकी तकनीक के बारे में है. जडेजा न तो मुरलीधरन है और न ही शेन वॉर्न हैं. वह एक बाएं हाथ के स्पिनर हैं, जो ज्यादातर एक ही ओर गेंदबाजी करते हैं. कभी-कभी उनकी गेंद स्लाइड होती है. अगर आपकी तकनीक फिसलने वाली गेंदों का सामना करने के हिसाब से अच्छी है तो आपको जडेजा के सामने कोई दिक्कत नहीं होगी'.

पीटरसन ने दिया ये मंत्र

केविन पीटरसन ने इंग्लिश बल्लेबाजों को मंत्र देते हुए कहा 'अगर आपके पैर सही जगह रहें, आप फ्रंट फुट पर नहीं खेल रहे हैं, आप गेंद की दिशा में आकर पीछे खेल रहे हैं तो आप सलामत रहेंगे. बस इस बात का ध्यान रखें कि आप बोल्ड या एलबीडब्ल्यू न हो जाएं.'

पीटरसन ने आगे बताया कि अगर आप जडेजा की गेंदों को स्लिप की ओर खेल रहे हैं तो भी कोई दिक्कत नहीं. आपके पास उनकी गेंद की लाइन और लेंथ का अनुमान लगाने के लिए पर्याप्त समय होता है. आपको बस बोल्ड और एलबीडब्ल्यू होने से बचना है. पीटरसन ने आर अश्विन का भी जिक्र किया. उन्होंने पुरानी टेस्ट सीरीज याद करते हुए कहा कि वह समझ जाते थे कि अश्विन कौन सी गेंद फेंकने जा रहे हैं. पीटरसन ने यह भी कहा कि सभी ने देखा होगा कि मैं अश्विन की 'दूसरा' गेंदों को ऑफ साइड पर खूब हिट करता था.

इंग्लैंड के खिलाफ रवींद्र जडेजा का प्रदर्शन कैसा है?

स्टार स्पिनर रवींद्र जडेजा ने इंग्लैंड के खिलाफ 16 टेस्ट की 29 पारियों में 51 विकेट निकाले हैं. 48 रन देकर 7 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन है. जडेजा का इकॉनमी रेट 2.44 का है. 

जडेजा से क्यों है इंग्लैंड को खतरा?

बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा भारतीय पिचों पर घातक साबित होते हैं. उन्हें खूब टर्न मिलता है. जडेजा की गेंद पड़कर तेजी से आती है, जिसे समझने में बल्लेबाज चूक कर जाते हैं. खास बात ये है कि वह गेंद को एक ही जगह से बाहर ले जा सकते हैं और उसी जगह से अंदर ला सकते हैं. जडेजा के नाम एशिया में 207 विकेट हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया की पिछली होम टेस्ट सीरीज में उन्होंने 22 विकेट लिए थे. इंग्लैंड के खिलाफ तो वह 16 ही टेस्ट में 51 विकेट ले चुके हैं.