IPL के धमाकेदार टी20 रोमांच के बाद अब टेस्ट मैच शुरू होने जा रहा है. भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून 2026 यानी शनिवार को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टेस्ट मैच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच 2018 के बाद यह पहला टेस्ट मुकाबला खेला जाएगा.
इससे पहले दोनों टीमों की भिड़ंत आठ साल पहले बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई थी. अफगानिस्तान ने अपना पहला टेस्ट मैच भारत के खिलाफ खेला था.
भारत और अफगानिस्तान के बीच 2018 में हुए मुकाबले के दौरान मुरली विजय और शिखर धवन ने शतकीय पारी खेली थी. उनके अलावा हार्दिक पांड्या ने आक्रामक पारी खेल करके भारत के लिए कुल 474 रन बनाए थे. वहीं अफगानिस्तान की दोनों पारियां दूसरे दिन ही खत्म हो गई थीं. इस बार भी क्रिकेट फैंस में भारत की जीत लगभग तय मानी जा रही है, लेकिन युवा खिलाड़ियों के साथ नई टीम और नए स्टेडियम में मैच काफी रोमांचक हो सकता है.
बता दें कि यह मैच 6 जून 2026 को महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़ में शुरू होगा. भारत में इसका लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, जबकि जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी.
शुभमन गिल इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे. इस बार टीम में कई नए चेहरे शामिल हैं, जो अपनी पहली टेस्ट सीरीज खेलने वाले हैं. इस मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें ऋषभ पंत पर टिकी होंगी. आईपीएल में खराब प्रदर्शन के बाद उप-कप्तान पद से हटाए जाने के बाद इस मैच के दौरान पंत अपना कमबैक करने की कोशिश करेंगे. इनके अलावा युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन और नितीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ी भी अपनी पहली टेस्ट पारी में शानदार प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे.
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, देवदत्त पडिक्कल, मानव सुथार.
अफगानिस्तान टीम: अब्दुल मलिक, रहमानुल्लाह गुरबाज, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह, अजमतुल्लाह उमरजई, अफसर जजई (विकेटकीपर), शराफुद्दीन अशरफ, जियाउर रहमान शरीफी, कैस अहमद, बिलाल सामी, मोहम्मद सलीम सफी, नांगेयालिया खारोटे, रहमानुल्लाह, सेदिकुल्लाह अटल, इकराम अलीखिल.