menu-icon
India Daily

भिवाड़ी में आग का तांडव, दो फैक्ट्रियां जलकर राख, 5 कर्मचारी झुलसे

राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई, जिसने दो फैक्ट्रियों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में पांच कर्मचारी झुलस गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
भिवाड़ी में आग का तांडव, दो फैक्ट्रियां जलकर राख, 5 कर्मचारी झुलसे
Courtesy: Social Media

भिवाड़ी: राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि उसने दो फैक्ट्रियों को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में पांच कर्मचारी झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया.

जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक ट्रांसफार्मर में हुए विस्फोट के बाद हुई. विस्फोट के कारण ट्रांसफार्मर में भरा तेल तेजी से जमीन पर फैल गया. तेल के साथ आग भी फैलती चली गई और आसपास मौजूद इकाइयों तक पहुंच गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित दो फैक्ट्रियां इसकी चपेट में आ गईं.

कैसी थी वहां की स्थिति?

आग की ऊंची लपटें और घना धुआं देखकर फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारियों में दहशत फैल गई. कई कर्मचारी तुरंत बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन पांच कर्मचारी आग की चपेट में आकर झुलस गए. उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल उनकी स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है.

क्या लिया गया एक्शन?

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देता रहा. प्रशासन और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की मुख्य वजह ट्रांसफार्मर में हुआ विस्फोट माना जा रहा है. हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि विस्तृत जांच के बाद ही आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी. औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं और अग्नि सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जा रही है.

और कहां लगी आग?

उधर, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शुक्रवार को आग लगने की अन्य घटनाएं भी सामने आईं. नोएडा के सेक्टर 75 स्थित एक हाईराइज अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल पर बने फ्लैट में आग लग गई थी. सूचना मिलने पर दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया. इसके अलावा सेक्टर 52 में एक पीजी भवन में भी आग लगने की घटना हुई. राहत की बात यह रही कि नोएडा की दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.