भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. ब्राजीलियन फुटबॉल कॉन्फेडरेशन ने पुष्टि कर दी है कि ब्राजील की सीनियर पुरुष टीम 3 अक्टूबर को कोलकाता में भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मैच खेलेगी. यह पहली बार होगा जब ब्राजील की राष्ट्रीय टीम भारतीय धरती पर आधिकारिक मुकाबले के लिए उतरेगी.
ब्राजीलियन फुटबॉल कॉन्फ़ेडरेशन (CBF) ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि उसकी सीनियर पुरुष टीम 3 अक्टूबर को कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में भारतीय टीम के खिलाफ मैदान में उतरेगी. यह मुकाबला इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच होगा और ब्राजील के इतिहास में पहली बार उसकी राष्ट्रीय टीम भारत में खेलेगी. इस घोषणा के साथ पिछले कई महीनों से चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है. इससे पहले केवल बातचीत की खबरें सामने आ रही थीं लेकिन अब CBF ने तारीख, स्थान और प्रतिद्वंद्वी टीम की पुष्टि कर दी है. भारतीय फुटबॉल टीम के लिए भी यह मुकाबला बेहद खास माना जा रहा है क्योंकि उसे दुनिया की सबसे सफल टीमों में से एक के खिलाफ खेलने का मौका मिलेगा.
जानकारी के अनुसार, भारत में मैच कराने को लेकर बातचीत फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दौरान शुरू हुई थी. उस टूर्नामेंट में भारतीय प्रशंसकों ने ब्राजील को जबरदस्त समर्थन दिया था. देश के कई शहरों में बड़ी स्क्रीन पर मैच देखे गए. वहीं सोशल मीडिया पर ब्राजील के समर्थन में तस्वीरें और वीडियो भी खूब वायरल हुए. CBF ने अपने बयान में कहा कि भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है, जहां ब्राजील की टीम के सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय फैंस हैं. संस्था ने कहा कि भारतीय फैंस के साथ इस ऐतिहासिक पल को साझा करना उनके लिए गर्व की बात होगी. ऑस्ट्रेलिया में दो फ्रेंडली मैच खेलने के बाद ब्राजील की टीम सीधे भारत पहुंचेगी.
कोलकाता और ब्राजीलियन फुटबॉल का रिश्ता कई दशक पुराना माना जाता है. साल 1977 में महान खिलाड़ी पेले न्यूयॉर्क कॉसमॉस के साथ इसी शहर में मोहन बागान के खिलाफ खेले थे और वह मुकाबला आज भी भारतीय फुटबॉल के सबसे यादगार पलों में गिना जाता है. अब लगभग पांच दशक बाद ब्राज़ील की सीनियर राष्ट्रीय टीम उसी शहर में उतरकर एक नया इतिहास रचेगी. हाल ही में विश्व कप अभियान उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और टीम राउंड ऑफ़ 16 में बाहर हो गई थी. इसके बावजूद ब्राजील दुनिया की सबसे मजबूत फुटबॉल टीमों में गिनी जाती है.