menu-icon
India Daily

IPL 2026: लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतने वाली आरसीबी को मिलेंगे कितने करोड़?

आईपीएल 2026 के पुरस्कार पूल में सबसे बड़ी राशि 20 करोड़ चैंपियन टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को प्रदान की जाएगी. यह राशि पिछले सीजन की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
IPL 2026: लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतने वाली आरसीबी को मिलेंगे कितने करोड़?
Courtesy: x

रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला खेला गया. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की. इस जीत के साथ ही आरसीबी पर अब पैसों की बरसात होगी. बीसीसीआई ने पहले ही कुल 46.5 करोड़ रुपए के पुरस्कार की घोषणा कर दी थी जिसमें विजेता को सबसे बड़ा हिस्सा मिलता है. आइए जानते हैं कि किस टीम को कितना पैसा मिलेगा.

विनर और रनर-अप को कितना पैसा मिलेगा

आईपीएल 2026 के पुरस्कार पूल में सबसे बड़ी राशि 20 करोड़ चैंपियन टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को प्रदान की जाएगी. यह राशि पिछले सीजन की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है जो लीग की बढ़ती व्यावसायिक सफलता को दर्शाता है. वहीं रनर-अप रही गुजरात टाइटन्स को 13 करोड़ रुपए का चेक मिलेगा. फाइनल हारने के बावजूद जीटी ने शानदार वापसी करते हुए प्लेऑफ में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई.

प्लेऑफ में पहुचने वाली अन्य टीमें  

तीसरे स्थान पर रहने वाली राजस्थान रॉयल्स को 7 करोड़ रुपए का इनाम दिया जाएगा. राजस्थान ने दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटन्स से सात विकेट से हारकर फाइनल का टिकट गंवाया था. वहीं एलिमिनेटर में करारी हार झेलने वाली सनराइजर्स हैदराबाद को 6.5 करोड़ रुए मिलेंगे. पांचवें से दसवें स्थान पर रहने वाली टीमों को कोई पुरस्कार राशि नहीं दी जाएगी लेकिन वे ब्रॉडकास्ट राइट्स और स्पॉन्सरशिप और टिकट बिक्री से भारी मुनाफा कमाती हैं.

वैभव सूर्यवंशी को कितना पैसा मिलेगा

ऑरेंज कैप और पर्पल कैप विजेताओं को दस-दस लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा. फिलहाल ऑरेंज कैप राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के पास है जिन्होंने 776 रन बनाए हैं. पर्पल कैप गुजरात टाइटन्स के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने 28 विकेट लेकर अपने नाम कर ली है. सीज़न के सर्वाधिक मूल्यवान खिलाड़ी को 10 लाख और उभरते खिलाड़ी को 20 लाख का पुरस्कार मिलता है.