फुटबॉल की दुनिया में लियोनेल मेसी का नाम महान खिलाड़ियों में गिना जाता है. वर्ल्ड कप में उनका सफर उतार-चढ़ाव से भरा रहा. 2022 में उन्होंने अर्जेंटीना को खिताब दिलाकर अपने करियर को नई ऊंचाई दी. उनके हर गोल ने एक नई कहानी लिखी है.
लियोनेल मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप में अपना पहला गोल साल 2006 में सर्बिया और मोंटेनेग्रो के खिलाफ किया था. उस समय वह युवा खिलाड़ी के रूप में दुनिया के सामने उभर रहे थे. इसके बाद 2010 का वर्ल्ड कप उनके लिए निराशाजनक रहा क्योंकि वह एक भी गोल नहीं कर सके. हालांकि, 2014 में मेसी ने शानदार वापसी की और ग्रुप चरण में लगातार गोल कर अपनी टीम को आगे बढ़ाया. बोस्निया, ईरान और नाइजीरिया के खिलाफ किए गए उनके गोलों ने अर्जेंटीना को फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई. हालांकि उस टूर्नामेंट का अंत खिताब के बिना हुआ लेकिन मेसी का प्रदर्शन पूरी दुनिया ने सराहा.
रूस में खेले गए 2018 वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना संघर्ष करती नजर आई. मेसी ने नाइजीरिया के खिलाफ अहम गोल किया, जिससे टीम अगले दौर में पहुंच सकी. असली कहानी 2022 में कतर में लिखी गई. सऊदी अरब के खिलाफ शुरुआती झटके के बाद मेसी ने मेक्सिको, ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड, क्रोएशिया और फ्रांस के खिलाफ गोल कर टीम को खिताब तक पहुंचाया. फाइनल में फ्रांस के खिलाफ उनके दो गोल आज भी फुटबॉल प्रेमियों के दिलों में बसे हुए हैं.
Every Goal Messi Scored at the FIFA World Cup | The Ultimate Compilation #FIFAWorldCup pic.twitter.com/lWXBTZm6Uk
— Aura Sports (@TheAuraSports) June 14, 2026
अब तक मेसी वर्ल्ड कप में कुल 13 गोल कर चुके हैं. इनमें चार पेनल्टी, तीन दूर से किए गए गोल, तीन करीब से किए गए गोल, दो रिबाउंड और एक फ्री किक शामिल है. उनका हर गोल अलग महत्व रखता है. आज भी जब अर्जेंटीना मैदान पर उतरती है, तो दुनिया की नजर मेसी पर रहती है. वह वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में ऊपर पहुंचने के बेहद करीब हैं. सबका यही सवाल है कि क्या मेसी सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बनकर नया इतिहास रच सकतें हैं या फिर अर्जेंटीना और पूरे विश्व के फैंस को निराश करेंगे.