FIFA World Cup 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है. बुधवार की रात को होने वाले पहले सेमीफाइनल में फ्रांस और स्पेन की टक्कर होगी. दोनों टीमें शानदार फॉर्म में हैं और जीत के साथ फाइनल का टिकट पक्का करना चाहेंगी. इस मुकाबले में दुनिया की नजरें एम्बाप्पे और यामल पर रहेंगी.
फ्रांस इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक पहुंचा है. टीम ने अब तक अपने विरोधियों पर पूरी तरह दबदबा बनाया है और कई बड़े मुकाबले आसानी से जीते हैं. सबसे ज्यादा चर्चा किलियन एम्बाप्पे की हो रही है, जिन्होंने इस वर्ल्ड कप में आठ गोल किए हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं. वह कुल विश्व कप गोल की संख्या में मेसी से एक गोल से पिछे चल रहे हैं और इस अंतर को जल्द खत्म करना चाहेंगें. इस मुकाबले में गोल कर वह इतिहास रचने के बेहद करीब होंगे.
स्पेन की टीम भी पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी. 19 वर्षीय लामिन यामल लगातार अपनी तेज ड्रिबलिंग और आक्रामक खेल से सभी का ध्यान खींच रहे हैं. उन्होंने इससे पहले भी फ्रांस के खिलाफ बड़े मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया है और इस बार भी उनसे बड़ी उम्मीदें हैं. हालांकि इस टूर्नामेंट में उनके नाम केवल एक गोल है लेकिन उन्होंने लगातार विपक्षी टीमों पर दबाव बनाया है. स्पेन की ताकत सिर्फ यामल नहीं, बल्कि पूरी टीम का संतुलित प्रदर्शन है. मिकेल मेरिनो ने पिछले दो नॉकआउट मुकाबलों में बेंच से आकर गोल दागे हैं. अब उनपर सबकी नजरें होंगी.
फ्रांस और स्पेन दोनों के पास अनुभव और युवा खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण है. फ्रांस की आक्रामक ताकत एम्बाप्पे हैं. वहीं स्पेन का खेल तेज पासिंग और टीमवर्क पर निर्भर करता है. गोलकीपर से लेकर मिडफील्ड तक दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. ऐसे में यह मुकाबला किसी भी दिशा में जा सकता है. दोनों टीमों का लक्ष्य सिर्फ विश्व कप फाइनल में जगह बनाना है.